गोपाल शर्मा
झारखंड/ पाकुड़।
उपभोक्ताओं को सही माप और गुणवत्तापूर्ण ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधिक माप विज्ञान विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में निरीक्षक, विधिक माप विज्ञान पाकुड़ श्रीमती शशि संगीता बाड़ा ने गुरुवार को पाकुड़िया प्रखंड अंतर्गत शिवम फ्यूल सेंटर (प्रो० अशोक कुमार) का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान निरीक्षक द्वारा ईंधन की मात्रा और गुणवत्ता दोनों की बारीकी से जांच की गई। उन्होंने बताया कि औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को सही मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराना और पेट्रोलियम उत्पादों की बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

निरीक्षण के क्रम में 5 लीटर के चेक मेजर से सभी डिस्पेंसिंग पंपों के नोजल से ईंधन की आपूर्ति जांची गई। जांच के परिणाम में आपूर्ति की मात्रा सही पाई गई। इसके साथ ही, गणितीय गणना द्वारा घनत्व जांच भी की गई, जिसमें पाया गया कि —
- पेट्रोल का घनत्व 0.738 किलोग्राम प्रति लीटर
- डीज़ल (HSD) का घनत्व 0.816 किलोग्राम प्रति लीटर
दोनों ही मानक मापदंडों के अनुरूप पाए गए। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं पाई गई।
निरीक्षक श्रीमती शशि संगीता बाड़ा ने कहा कि इस प्रकार के नियमित और औचक निरीक्षणों से उपभोक्ताओं को लाभ होगा तथा ईंधन की बिक्री में पारदर्शिता बनी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि उपभोक्ता हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।
