तीनपहाड़, संवाददाता।
तीनपहाड़ स्थित सब्जी मंडी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद क्षेत्रीय विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सोमवार को घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने आग से प्रभावित लोगों का हालचाल जाना और उन्हें ढांढस बंधाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में वे और प्रशासन पूरी तरह से पीड़ितों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि वे अपने सामान्य जीवन में शीघ्र लौट सकें।
मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक को घटना की विस्तृत जानकारी दी और हुए नुकसान से अवगत कराया। विधायक ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
वहीं, विधायक ने अनुमंडल पदाधिकारी, राजमहल को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता पीड़ितों तक पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों को तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अग्निशमन व्यवस्था को और मजबूत करने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
