झारखण्ड राज्य के गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड अंतर्गत गलवाती पंचायत और करगाली पंचायत की सीमा पर इन दिनों मिट्टी के अवैध कारोबार का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार यहां से बड़े पैमाने पर मिट्टी की खुदाई कर ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के माध्यम से दूसरे राज्यों में भेजी जा रही है।
बताया जाता है कि यह अवैध गतिविधि कोई नई नहीं है, बल्कि कई वर्षों से खुलेआम चल रही है। दिन-रात मिट्टी की खुदाई कर वाहनों से बाहर भेजा जा रहा है। लगातार खुदाई के कारण क्षेत्र की जमीन की बनावट और पर्यावरण पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मुद्दे को लेकर कई बार खबरें भी सामने आ चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध मिट्टी कारोबार पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि क्षेत्र की जमीन और पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।