बरहेट, संवाददाता।
थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दो अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में तीन युवक घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहेट में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना बरहेट-बरहरवा मुख्य सड़क पर बरमसिया गांव के समीप घटी। बताया जाता है कि रांगा थाना क्षेत्र के शिवा पहाड़ निवासी शामाय बेसरा (27) अपनी बाइक से जा रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क पर आई एक बकरी को बचाने के प्रयास में उसकी बाइक असंतुलित हो गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं दूसरी दुर्घटना बरहेट-धर्मपुर हाईवे पर हड़वाडीह गांव के पास हुई। यहां एक साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में रामपुर निवासी बबलू हांसदा (18) और सकल रजवाड़ (23) घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए प्रशासन से यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सड़क सुरक्षा के ठोस उपाय करने की मांग की है।

