तीनपहाड़, संवाददाता।
थाना क्षेत्र के तीनपहाड़ सब्जी मंडी में बीते रविवार देर रात लगी भीषण आग की घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार को राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो एवं अंचलाधिकारी मोहम्मद युसूफ के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने अग्निकांड स्थल का दौरा कर पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात की तथा नुकसान का विस्तृत जायजा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात अचानक सब्जी मंडी में आग की चिंगारी उठी, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि दर्जनों दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। सब्जी दुकानों के अलावा नाश्ता, मिठाई, चप्पल-जूते सहित कई अन्य दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस हादसे में व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

घटना के दौरान स्थानीय दुकानदारों एवं ग्रामीणों ने आग बुझाने का हरसंभव प्रयास किया। लोगों ने पाइप, बाल्टी और अन्य संसाधनों के जरिए पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। दमकल वाहन के विलंब से पहुंचने के कारण शुरुआती समय में आग पर नियंत्रण पाना मुश्किल हो गया, जिससे नुकसान और बढ़ गया।
घटना के दूसरे दिन सोमवार को राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे पीड़ितों के साथ खड़े हैं और हर संभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित दुकानदारों से विस्तृत जानकारी ली और नुकसान का आकलन किया। अनुमंडल पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी प्रभावित लोगों की सूची तैयार कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ शीघ्र जिला प्रशासन को भेजा जाए, ताकि राहत सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
अंचलाधिकारी मोहम्मद युसूफ ने अंचल निरीक्षक एवं राजस्व कर्मचारियों के साथ मौके पर ही पीड़ितों की सूची तैयार कर राहत के लिए जरूरी कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित दुकानदारों को जल्द से जल्द सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस दौरान तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे, समाजसेवी मुर्शीद राजा, मो. नजीम उर्फ लड्डू सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा एवं पुनर्वास की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवार दोबारा अपने व्यवसाय को शुरू कर सकें। .
