तालझारी, संवाददाता।
विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर बुधवार को वन प्रमंडल साहिबगंज अंतर्गत तालझारी वन क्षेत्र के कोंगाबेड़ा गांव में “वृक्ष रक्षा बंधन” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वन क्षेत्र पदाधिकारी पंचम दुबे ने किया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में तालझारी प्रखंड विकास पदाधिकारी राम सुमन प्रसाद उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वन एवं वृक्ष मानव जीवन के लिए अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जंगलों की सुरक्षा में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं और अवैध कटाई या नुकसान की किसी भी गतिविधि का विरोध करें।
वन विभाग के अधिकारियों ने भी उपस्थित लोगों को वनों के महत्व, जैव विविधता संरक्षण तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया गया कि वन न केवल जलवायु संतुलन बनाए रखते हैं, बल्कि आजीविका और प्राकृतिक संसाधनों का भी प्रमुख स्रोत हैं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “वृक्ष रक्षा बंधन” रहा, जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने वृक्षों पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। इस अनूठी पहल के माध्यम से प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की भावना को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
मौके पर ग्राम प्रधान, वनरक्षी पप्पू कुमार यादव, अखिलेश मरांडी, प्रेम कुमार साह, सनी रजक, अमित कुमार, राजेश टुडू, सुनील कुमार सहित अन्य वनकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ी है और लोगों में वनों के प्रति जिम्मेदारी का भाव और मजबूत हुआ है।

