बरहरवा, प्रतिनिधि।
बरहरवा क्षेत्र स्थित नागेश्वरी देवी कन्या उच्च विद्यालय के समीप नव-निर्मित पंचमुखी हनुमान मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्ति, उत्साह और धार्मिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, युवक-युवतियां एवं श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए, जिससे वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कलश यात्रा निर्धारित स्थल से विधिवत पूजा-अर्चना के पश्चात प्रारंभ हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने जय श्री राम और हनुमान जी के जयकारों के साथ नगर भ्रमण किया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत की भी व्यवस्था की गई थी। मार्ग में भक्ति गीतों और ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।

इस पावन अवसर पर आयोजकों के विशेष आमंत्रण पर समाजसेवी श्री सुमन कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने न केवल श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया, बल्कि स्वयं पदयात्रा में शामिल होकर विशेष रूप से माता-बहनों को प्रेरित किया। उनके सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम में और अधिक ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ।
महोत्सव के अध्यक्ष दयाल पंडित ने बताया कि इस आयोजन की तैयारियां कई महीनों पूर्व से ही प्रारंभ कर दी गई थीं। उन्होंने कहा कि कलश यात्रा के उपरांत मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसिद्ध कथा वाचक श्री संजय महाराज द्वारा भक्ति कथा का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण और सुदृढ़ होगा।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में मंदिर समिति के सदस्यों एवं स्थानीय युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से विष्णु महतो, अमित महतो, अनिल यादव एवं अमर महतो सहित अन्य कार्यकर्ताओं का योगदान सराहनीय रहा।
धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सामुदायिक एकता का प्रतीक बना यह आयोजन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। श्रद्धालुओं में आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
