साहिबगंज, प्रतिनिधि।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज द्वारा मंगलवार को सिदो-कान्हु स्टेडियम में विभिन्न खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत आदिम जनजातीय फुटबॉल टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले, एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं तथा ओलंपिक विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई।

फुटबॉल प्रतियोगिता में घोघी पहाड़, लादोनी पहाड़, दारुम पहाड़, पोखरिया पहाड़ और एएफसी सकरीगली की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों को जिला प्रशासन की ओर से फुटबॉल जर्सी एवं पैंट उपलब्ध कराए गए।
फुटबॉल के फाइनल मुकाबले में एएफसी सकरीगली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए घोघी पहाड़ की टीम को 2-0 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं घोघी पहाड़ की टीम उपविजेता रही। खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तहत आयोजित महिला जेवलिन थ्रो में काजल मुंडा ने प्रथम, बेबी मुंडा ने द्वितीय तथा रितिका मुंडा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पुरुष शॉटपुट प्रतियोगिता में मो. अली प्रथम, चंदन रजवार द्वितीय एवं सामू मरांडी तृतीय स्थान पर रहे। महिला शॉटपुट स्पर्धा में काजल कुमारी ने पहला, हीरा हेंब्रम ने दूसरा तथा बेबी कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

इसके अलावा ओलंपिक अभियान के तहत आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में बालिका वर्ग में निशा कुमारी प्रथम, प्रतिज्ञा कुमारी द्वितीय एवं संजना कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग में अमन कुमार ने पहला, अंश राज ने दूसरा तथा अंगद यादव ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा फुटबॉल को किक मारकर किया। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक सह जिला खेल पदाधिकारी कुमार हर्ष ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को जर्सी, मेडल, प्रमाण-पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर मेहनत करने तथा जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव माधव चंद्र घोष, जिला खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी, सुरेंद्र कुमार सहित कई खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे।
कार्यक्रम के माध्यम से खिलाड़ियों में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ ओलंपिक मूल्यों एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी दिया गया। जिला खेल कार्यालय द्वारा आयोजित इस आयोजन को खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने काफी सराहा।