ब्रह्माकुमारी संस्थान एवं जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त आयोजन में 50 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया भाग
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को शहर के गर्ल्स हाई स्कूल के निकट स्थित अयोध्या धाम परिसर में योग, प्राणायाम एवं आध्यात्मिक जागरूकता का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, जिरवाबाड़ी शाखा, साहिबगंज एवं जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसमें ब्रह्माकुमारी संस्थान के भाई-बहनों के साथ-साथ जिला ओलंपिक संघ के 50 से अधिक खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उत्थान के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान का अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आयोजन स्थल पर योग और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिससे वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से भर उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मैटी इलेक्ट्रो होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, नारायणपुर (भागलपुर) के प्राचार्य एवं मैटी अल्टरनेटिव मेडिकल काउंसिल, नई दिल्ली के निदेशक भ्राता डॉ. सुभाष कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने योग और प्राणायाम की विभिन्न विधियों का प्रदर्शन करते हुए उनके वैज्ञानिक एवं स्वास्थ्यवर्धक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक रोगों से बचाता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है और व्यक्ति को ऊर्जावान बनाता है।
इस अवसर पर ब्रह्माकुमारी साहिबगंज केंद्र की संचालिका बी.के. बिंदु दीदी ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए योग और प्राणायाम अत्यंत आवश्यक हैं। योग शरीर से अनेक बीमारियों को दूर करने में सहायक है, लेकिन केवल रोगमुक्त होना ही पूर्ण स्वास्थ्य नहीं कहलाता। उन्होंने बताया कि संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए व्यक्ति का शारीरिक, बौद्धिक, भावनात्मक, सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक है। जब इन पांचों आयामों में संतुलन स्थापित होता है, तभी व्यक्ति वास्तविक अर्थों में स्वस्थ और सुखी जीवन जी सकता है।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमारी संस्थान की उप-संचालिका बी.के. नीतू दीदी ने किया। उन्होंने उपस्थित लोगों को योग और आध्यात्मिक जीवन के महत्व से अवगत कराया तथा नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
मौके पर जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, खेलो इंडिया कुश्ती सेंटर के प्रशिक्षक प्रकाश सिंह बादल, वार्ड पार्षद सुशील भरतिया, नीलम भरतिया, अनिकेत, बी.के. शालू बहन, सीएचओ अनिता कुमारी, अंकित, अजय यादव, महेश केसरी, रविंद्र यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। आयोजन की सफलता पर उपस्थित लोगों ने आयोजकों की सराहना की और इसे जन-जागरूकता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।