ट्रक की चपेट में आने से मां, बेटा और बेटी की मौके पर मौत; आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, पुलिस ने समझाकर हटाया
बरहरवा, प्रतिनिधि।
बरहरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम पसर गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिसे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद समाप्त कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, साहेबडंगा गांव निवासी बदरुल शेख का पुत्र इस्माइल शेख (22 वर्ष) अपनी मां आएशा बीबी (45 वर्ष), बहन रुली खातून (18 वर्ष) तथा पांच वर्षीय भांजी मर्जिया खातून के साथ रविवार सुबह पश्चिम बंगाल के धुलियान गया था। बताया जाता है कि रुली खातून का चिकित्सकीय परामर्श कराने के बाद सभी लोग बाइक (संख्या JH18P-3323, स्प्लेंडर) से वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान बरारी पंचायत भवन के समीप सड़क के एक मोड़ पर उनकी बाइक तेज रफ्तार ट्रक (संख्या JH16H-0025) की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार इस्माइल शेख, उनकी मां आएशा बीबी तथा बहन रुली खातून की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पांच वर्षीय मर्जिया खातून गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की सहायता से घायल बच्ची को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरहरवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी जारी है।
हादसे के बाद फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने बरहरवा-फरक्का मुख्य पथ को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसआई अनिल यादव, रंजय यादव तथा राजनाथ साव भी मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें शांत कराया तथा सड़क जाम समाप्त करवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
ट्रक जब्त, मामले की जांच शुरू
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में मृत तीनों लोगों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दुर्घटना में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा पूरे मामले की विधिवत जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे साहेबडंगा गांव को शोक में डुबो दिया है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
