साहिबगंज, संवाददाता।
जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत मदनशाही क्षेत्र से होकर गुजरने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-80 की जर्जर स्थिति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है। शनिवार को हुई हल्की बारिश के बाद सड़क की बदहाल तस्वीर सामने आई, जब कीचड़ और गड्ढों से भरी सड़क पर एक सामान लदा ठेला फंस गया। काफी प्रयास के बाद स्थानीय लोगों ने मिलकर ठेले को धक्का लगाकर बाहर निकाला। इस दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों के अनुसार एनएच-80 की स्थिति लंबे समय से दयनीय बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। इससे दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब हालत के कारण प्रतिदिन राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों तथा व्यापारियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। कीचड़युक्त सड़क पर पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है, जबकि वाहन अक्सर गड्ढों में फंस जाते हैं।
शनिवार को ठेला फंसने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन और संबंधित विभाग के प्रति नाराजगी देखी गई। लोगों ने बताया कि कई बार सड़क की मरम्मत और जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। सड़क किनारे जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे सड़क तेजी से क्षतिग्रस्त हो रही है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने, गड्ढों को भरने तथा स्थायी समाधान के तहत सड़क का पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि एनएच-80 क्षेत्र की महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है और इसकी बदहाली न केवल लोगों की आवाजाही को प्रभावित कर रही है, बल्कि स्थानीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों पर भी प्रतिकूल असर डाल रही है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो क्षेत्रवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि स्थायी निर्माण और बेहतर जलनिकासी व्यवस्था ही इस समस्या का दीर्घकालिक समाधान है।