गोपाल शर्मा
झारखंड/ साहेबगंज।
अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के तत्वावधान में और माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहेबगंज श्री अखिल कुमार के मार्गदर्शन में एक विशेष एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन साहेबगंज स्थित नेत्रहीन एवं स्पैस्टिक दिव्यांग आवासीय विद्यालय में किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव श्री विश्वनाथ भगत ने दिव्यांग छात्रों और उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए कहा कि “दिव्यांग होना किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं, बल्कि यह विशेष क्षमता और विशिष्टता का प्रतीक है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि दिव्यांगजन भी समाज के हर क्षेत्र में अपनी भूमिका मजबूती और सक्षमता के साथ निभा सकते हैं।

श्री भगत ने समाज से आह्वान किया कि दिव्यांग व्यक्तियों को समान अवसर और उचित परिवेश प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि वे अपनी प्रतिभाओं को निखार सकें और मुख्यधारा में मजबूती से अपनी पहचान स्थापित कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के दिव्यांग बच्चों ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद तथा अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उनके प्रदर्शन ने सभी दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव द्वारा प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री संजय कुमार दास, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल श्री अरविंद गोयल, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी श्रीमती पूनम कुमारी समेत कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

