रांची, 04 दिसम्बर 2025:
बाजार टांड स्थित दुकानों के किराया विवाद के समाधान में रांची नगर निगम द्वारा हो रही विलंबित कार्रवाई पर फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। इसी मुद्दे पर गुरुवार को चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने निगम के उप प्रशासक गौतम साहू से मुलाकात की और स्थिति से अवगत कराते हुए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

चैंबर ने बताया कि नगर निगम की धीमी प्रक्रिया के कारण विवाद लगातार जटिल होता जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान निगम द्वारा बाजार टांड के अनेक दुकानदारों को भेजे गए नोटिसों को भी प्रस्तुत किया। इन नोटिसों में क्षेत्रफल निर्धारण, किराया दरों, पीनल्टी एवं ब्याज गणना से संबंधित कई गंभीर विसंगतियों की ओर उप प्रशासक का ध्यान आकृष्ट किया गया।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि वर्षों पहले, जब नगर निगम अस्तित्व में भी नहीं था, व्यापारियों को केवल भूमि का आवंटन किया गया था और दुकानदारों ने स्वयं के खर्च से दुकानें तैयार कर व्यवसाय शुरू किया। उन्होंने बताया कि व्यापारी लगातार किराया भी अदा करते रहे हैं, बावजूद इसके बिना स्पष्ट आधार के पीनल्टी व भारी-भरकम बकाया राशि पर ब्याज लगाकर दुकानें सील करने की चेतावनी दी जा रही है, जो अव्यवहारिक और अनुचित है।
प्रतिनिधिमंडल ने निगम से आग्रह किया कि नोटिसों में दर्ज रिकवरी, लाइसेंस निरस्तीकरण, बेदखली एवं ब्लैकलिस्टिंग जैसी कठोर कार्रवाइयों पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही सभी प्रभावित दुकानदारों के लिए व्यक्तिगत सुनवाई की तिथि निर्धारित की जाए ताकि वे अपने अभिलेख, पुराने दस्तावेज तथा वास्तविक क्षेत्रफल का प्रमाण प्रस्तुत कर सकें।
चैंबर ने स्पष्ट किया कि व्यापारी हमेशा निगम प्रशासन के साथ सहयोग के लिए प्रतिबद्ध हैं, लेकिन शुल्क निर्धारण तथ्यात्मक, पारदर्शी और न्यायसंगत होना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने निगम द्वारा प्रस्तावित 500 रुपये प्रति वर्गफुट और 12% ब्याज जैसी उच्च दरों की पुनर्समीक्षा की भी मांग रखी। साथ ही सुझाव दिया कि विवाद का स्थायी समाधान निकालने के लिए नगर निगम और व्यापारी प्रतिनिधियों की संयुक्त समन्वय समिति बनाई जाए।
उप प्रशासक गौतम साहू ने चैंबर की चिंताओं पर सहमति जताते हुए कहा कि सभी बिंदुओं पर ध्यान देकर उचित कार्रवाई की जाएगी तथा इस पूरे मामले में चैंबर के साथ समन्वय बनाकर आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, तथा कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल और अमित शर्मा उपस्थित रहे।
