राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन, डिफेंस एक्सपो में जुटे देशभर के विशेषज्ञ और उद्योग प्रतिनिधि
रांची, संवाददाता I
वीर टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, रांची में शुक्रवार को केंद्रीय रक्षा मंत्रालय की ओर से “East Tech Symposium-2025” (Defence Expo) का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए। दोनों गणमान्य अतिथियों ने रक्षा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों, उपकरणों और पहलुओं से सुसज्जित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में देशभर से रक्षा क्षेत्र के विशेषज्ञ, औद्योगिक संस्थानों के प्रतिनिधि, तकनीकी संस्थान और लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़े उद्यमी शामिल हुए। भारतीय सेना की तकनीकी उपलब्धियों और भविष्य की आवश्यकताओं का व्यापक परिदृश्य इस एक्सपो में प्रदर्शित किया गया।

“झारखंड में रक्षा उद्योग की अपार संभावनाएं”
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने कहा कि झारखंड संभावनाओं का प्रदेश है, यहां रक्षा उद्योग से जुड़े कच्चे माल, जैसे कि लौह अयस्क, कोयला और यूरेनियम, प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। राज्य में कई बड़े उद्योग पहले से स्थापित हैं और यहां की धरती ने देश को महत्वपूर्ण औद्योगिक पहचान दी है।

“झारखंड में डिफेंस सेक्टर से जुड़े उद्योग क्षेत्र के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। हमारी सरकार रक्षा क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर हर संभव सहयोग करेगी।” :- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
उन्होंने एचईसी (Heavy Engineering Corporation) का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि इस संस्थान ने देश की औद्योगिक यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। एचईसी सैटेलाइट और परमाणु कॉम्पोनेंट्स तक बनाने में अग्रणी रहा है, लेकिन वर्तमान में इसकी स्थिति चिंताजनक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के आपसी सहयोग से ऐसे संस्थानों को पुनर्जीवित कर आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर किया जा सकता है।

राज्यपाल का अवलोकन
माननीय राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार ने भी डिफेंस एक्सपो का अवलोकन किया और विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित तकनीकी उपलब्धियों की सराहना की।

रक्षा क्षेत्र में नए आयाम जोड़ने का अवसर
इस अवसर पर भारतीय सशस्त्र सेना के रक्षा प्रमुख (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान, पूर्वी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल श्री रामचंद्र तिवारी, पूर्वी कमान एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ श्री सूरत सिंह, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री श्री संजय सेठ, राज्य की मुख्य सचिव श्रीमती अलका तिवारी सहित रक्षा मंत्रालय के वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

“ईस्ट टेक सिम्पोजियम-2025” न केवल रक्षा तकनीकों के प्रदर्शन का मंच है, बल्कि यह रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता, स्थानीय उद्योगों के विस्तार और केंद्र-राज्य सहयोग को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक प्रयास है। इस आयोजन के माध्यम से एमएसएमई क्षेत्र की भागीदारी को भी प्रोत्साहन मिलेगा और झारखंड को रक्षा उद्योग के मानचित्र पर विशेष पहचान मिलेगी।