रांची, प्रतिनिधि।
हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित “मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-सह-मुखिया सम्मेलन 2026 (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल)” में हेमन्त सोरेन ने हिस्सा लेते हुए ग्रामीण विकास को राज्य की प्रगति की आधारशिला बताया। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, ग्राम सभा, पंचायत समिति एवं जिला परिषद को सम्मानित करते हुए प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिनिधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल न केवल प्रेरणा देती है, बल्कि विकास की प्रतिस्पर्धा को भी मजबूत करती है।

गांव के विकास में जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीणों के सबसे करीब होते हैं और उनकी सक्रियता से ही योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव है। उन्होंने कहा, “राज्य का विकास तभी संभव है जब गांव मजबूत होंगे। हमारी सरकार गांवों से संचालित होने वाली सरकार है, जहां विकास की असली नींव निहित है।”
उन्होंने यह भी कहा कि अब पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है।

UIDAI के साथ समझौता, गांव में ही मिलेगी आधार सेवा
कार्यक्रम में भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के साथ Terms of Engagement की हस्ताक्षरित प्रति का औपचारिक हस्तांतरण भी किया गया। इस समझौते के तहत अब ग्राम पंचायत स्तर पर ही आधार से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे ग्रामीणों को दूर नहीं जाना पड़ेगा।

जल संकट से निपटने की तैयारी पर जोर
गर्मी के मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जल संकट से निपटने के लिए अग्रिम तैयारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने तालाबों की सफाई एवं गहरीकरण, वर्षा जल संचयन तथा चापाकलों के पास सोक पिट निर्माण को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों को इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
सोलर प्लांट से बढ़ेगी ग्रामीणों की आय
मुख्यमंत्री ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ खाली भूमि पर सोलर पावर प्लांट लगाने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि सरकार उत्पादित बिजली खरीदेगी, जिससे ग्रामीणों की आय बढ़ेगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। साथ ही लिफ्ट इरिगेशन जैसी योजनाओं के विस्तार की भी जानकारी दी।
पारदर्शिता और समन्वय से तेज होगा विकास
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक तंत्र और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे योजनाओं का चयन स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप करें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, शिल्पी नेहा तिर्की सहित कई विधायक, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

