साहिबगंज नगर परिषद से विनीता देवी, राजमहल नगर पंचायत से मोहम्मद मारूफ निर्विरोध उपाध्यक्ष बने, बड़हरवा में राजकुमार भगत निर्वाचित
साहिबगंज, प्रतिनिधि।
नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 के तहत नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त हेमंत सती ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शपथ दिलाई और उन्हें जनसेवा के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने की सलाह दी।
नगर पालिका चुनाव के तहत 23 फरवरी 2026 को मतदान तथा 27 फरवरी 2026 को मतगणना सम्पन्न होने के बाद शुक्रवार को साहिबगंज में शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिद्धो-कान्हो सभागार में आयोजित समारोह में साहिबगंज नगर परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को शपथ दिलाई गई।

वहीं राजमहल नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को समाहरणालय सभागार में तथा बड़हरवा नगर पंचायत के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों को जिला पंचायती राज सभागार में शपथ ग्रहण कराया गया। इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने तथा जनहित में कार्य करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के दौरान नगर परिषद साहिबगंज, नगर पंचायत राजमहल और नगर पंचायत बड़हरवा में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव भी संपन्न कराया गया। साहिबगंज नगर परिषद से विनीता देवी को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। वहीं राजमहल नगर पंचायत से मोहम्मद मारूफ भी उपाध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए।
इधर बड़हरवा नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के लिए निर्मला कुमारी और राजकुमार भगत के बीच मुकाबला हुआ। चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद राजकुमार भगत को उपाध्यक्ष पद के लिए निर्वाचित घोषित किया गया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी, संबंधित निर्वाची पदाधिकारी तथा नव निर्वाचित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त हेमंत सती ने सभी नव निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के समग्र विकास तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय और समर्पित भूमिका निभाएं।

