13 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

बच्चे जिद्दी पैदा नहीं होते, उन्हें जिद्दी हम बनाते हैं - हम, उनके माता-पिता।

A
Amit Kumar reporter
📅 12 Nov 2026, 02:45 AM IST
👁 16 views
WhatsApp Facebook
बच्चे जिद्दी पैदा नहीं होते, उन्हें जिद्दी हम बनाते हैं - हम, उनके माता-पिता।
यह एक कड़वा सच है कि आज जिस बच्चे के हाथ में किताब होनी चाहिए, उसके हाथ में मोबाइल थमा दिया गया है। जहाँ हमें उसके साथ बैठकर घंटों बातें करनी चाहिए, उसके नन्हें-नन्हें सवालों का जवाब देना चाहिए, उससे तर्क करना चाहिए, उसे जीवन समझाना चाहिए, वहाँ हम अपनी फुर्सत के कुछ पल चुराने के लिए उसे एक स्क्रीन में उलझा देते हैं। हम उसे मोबाइल देकर खुद को फ्री समझ लेते हैं और भूल जाते हैं कि हमने उसके बचपन का सबसे कीमती हिस्सा छीन लिया है।याद रखिए, जिस घर में संवाद मर जाता है, वहाँ कुंठा जन्म लेती है। जहाँ तर्क नहीं होता, जहाँ खुलकर बातचीत नहीं होती, जहाँ मन की बात कहने-सुनने का माहौल नहीं होता, वहाँ बच्चा अंदर ही अंदर घुटने लगता है और वही घुटन आगे चलकर जिद, गुस्से और अवसाद का रूप ले लेती है।आज अधिकांश माता-पिता, माता-पिता होकर भी केवल कोरम पूरा करने में लगे हैं। उन्होंने बच्चे को सिर्फ ट्यूशन की डोर से बाँधकर रख दिया है। सुबह स्कूल, शाम ट्यूशन और बाकी समय मोबाइल। उन्हें लगता है कि फीस भर देने से उनका कर्तव्य पूरा हो गया। पर यह सोचना सबसे बड़ी भूल है। आप आज जो बो रहे हैं, उसका घातक परिणाम कल आपको ही भुगतना पड़ेगा।इसलिए आप केयर-टेकर मत बनिए, माता-पिता बनिए। केयर-टेकर तो बाजार में भाड़े पर मिल जाएंगे, जो आपके बच्चे को समय पर खाना दे देंगे, होमवर्क करा देंगे। पर उसे आपके स्नेह की गर्माहट और आपकी डाँट में छिपी चिंता की जरूरत है। उसे आपकी गोद चाहिए, आपका डराना-मनाना चाहिए।और सबसे बड़ी बात - विद्यालय को ही सबकुछ मत समझ लीजिए, विद्यालय परिवार से जुड़कर रहिए। बच्चा दिन के 5-6 घंटे ही विद्यालय में रहता है, बाकी 18 घंटे आपके पास रहता है। इसलिए कभी-कभार विद्यालय आइए, शिक्षकों से मिलिए, पूछिए कि आपका बच्चा क्या कर रहा है, कैसे पढ़ रहा है, किसके साथ बैठ रहा है। जब तक परिवार और विद्यालय एक साथ नहीं चलेंगे, तब तक बच्चे का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है।इसलिए उसे सिर्फ चार दीवारों और ट्यूशन के कटघरे में कैद मत कीजिए। पढ़ाई के बाद जो समय बचता है, उसे मोबाइल के चंगुल से छीनकर जीवन से जोड़िए। उसे कभी खेतों की मेड़ पर ले जाइए, जहाँ वह मिट्टी को छू सके, चरते हुए जानवरों को दिखाइए, कैसे गाय अपने बछड़े को चाटती है, कैसे बकरियों का झुंड एक साथ चलता है, ताकि वह प्रेम और समूह में रहना सीखे। उसे शाम के आकाश में उड़ते पक्षियों की कतारें दिखाइए। कभी उसे रिक्शा-ठेला खींचते मजदूर के पास ले जाइए और कभी फुटपाथ पर बैठे भीख मांगते असहाय व्यक्ति के पास, ताकि वह दूसरों के दर्द को देख सके, समझ सके और संवेदनशील बन सके। उसे दोस्तों के साथ कीचड़ में खेलने और खुलकर शरारत करने दीजिए। और हाँ, उसे अपने दादा-दादी के पैर दबाना सिखाइए, क्योंकि अगर आप आज अपने माता-पिता की सेवा नहीं कर रहे, तो कम से कम अपने बच्चे को तो यह संस्कार दे दीजिए।उसे सुविधा-भोगी नहीं, कर्मठ बनाइए। ताकि वह बड़ा होकर मानसिक और शारीरिक रूप से बीमार, कमजोर और दूसरों पर बोझ बनकर न जिए, बल्कि एक पढ़ा-लिखा, संस्कारी और मजबूत इंसान बनकर अपने परिवार, अपने समाज और इस राष्ट्र की सच्ची सेवा कर सके।