06 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

दिवंगत सहायक शिक्षक की पत्नी को ₹1 करोड़ की बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान

Nilkant Arya
Nilkant Arya reporter
📅 05 Nov 2026, 09:32 PM IST
👁 467 views
WhatsApp Facebook
दिवंगत सहायक शिक्षक की पत्नी को ₹1 करोड़ की बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान
उपायुक्त गोड्डा एवं एसबीआई पथरगामा शाखा प्रबंधक ने संयुक्त रूप से चेक सौंपा
राज्य सरकार एवं एसबीआई के समझौते के तहत सरकारी कर्मियों को मिलती है ₹1 करोड़ की बीमा सुरक्षा


गोड्डा। प्राथमिक विद्यालय, मटियानी में कार्यरत सहायक शिक्षक स्वर्गीय मंचन हांसदा के सेवा अवधि के दौरान आकस्मिक निधन के उपरांत उनकी पत्नी एवं आश्रित निरला मरांडी को ₹1 करोड़ की बीमा सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त, गोड्डा लोकेश मिश्रा एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), पथरगामा शाखा के प्रबंधक ने समाहरणालय अवस्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में संयुक्त रूप से निरला मरांडी को चेक सौंपा।

इस अवसर पर जिला शिक्षा अधीक्षक, गोड्डा दीपक कुमार ने जानकारी दी कि राज्य सरकार एवं भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अनुसार राज्य सरकार के उन कर्मियों, जिनका सेवा अवधि के दौरान निधन हो जाता है, उनके आश्रितों को भारतीय स्टेट बैंक द्वारा ₹1 करोड़ की बीमा सहायता राशि उपलब्ध कराई जाती है। यह व्यवस्था सरकारी कर्मियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

भारतीय स्टेट बैंक, पथरगामा शाखा के प्रबंधक ने बताया कि इस बीमा सुविधा का लाभ प्राप्त करने के लिए राज्य सरकार के कर्मियों को भारतीय स्टेट बैंक में संचालित अपने वेतन खाते को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सैलरी पैकेज में परिवर्तित कराना अनिवार्य है।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी संबंधित सरकारी कर्मियों से अपील की है कि वे अपने वेतन खाते को जल्द से जल्द सैलरी पैकेज में परिवर्तित कराने की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि भविष्य में किसी अप्रत्याशित परिस्थिति में उनके आश्रितों को इस बीमा सुरक्षा योजना का लाभ मिल सके। सभी संबंधित कर्मियों से अपील की गई है कि वे इस महत्वपूर्ण सुविधा के प्रति जागरूक रहें तथा अपने बैंक खाते से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया समय पर पूरी करें।

मौके पर उप विकास आयुक्त, गोड्डा विस्पुते श्री कांत यशवंत, भूमि सुधार उप समाहर्ता ओमप्रकाश यादव तथा जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार उपस्थित थे।