22 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

बजरंग चौक में श्री संकट मोचन मंदिर का तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न

A
Amit Kumar reporter
📅 21 Nov 2026, 04:58 PM IST
👁 69 views
WhatsApp Facebook
बजरंग चौक में श्री संकट मोचन मंदिर का तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न
बजरंग चौक में श्री संकट मोचन मंदिर का तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह संपन्न
पूजन-हवन के बाद महाप्रसाद का हुआ वितरण, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

गिरिडीह। बजरंग चौक स्थित श्री संकट मोचन मंदिर का तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा समारोह शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, विधिवत पूजन एवं हवन के साथ श्रद्धापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा और जय श्रीराम एवं जय हनुमान के जयकारों से गुंजायमान होता रहा।
प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान के अंतर्गत सर्वप्रथम कलश यात्रा निकाली गई। इसके पश्चात विभिन्न प्रकार के अधिवास एवं अन्य वैदिक अनुष्ठानों के माध्यम से श्री हनुमान जी की प्रतिमा का शुद्धिकरण किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूरे विधि-विधान से देवी-देवताओं का आह्वान किया गया तथा प्राण-प्रतिष्ठा की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। मंदिर निर्माण एवं प्राण-प्रतिष्ठा के मुख्य यजमान लखन लाल बरनवाल एवं उनकी धर्मपत्नी सरिता बरनवाल रहे।
इस अवसर पर पुजारी महेंद्र पांडेय ने प्राण-प्रतिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्राण-प्रतिष्ठा एक वैदिक अनुष्ठान है, जिसके माध्यम से मंत्रोच्चार एवं भक्तिभाव के साथ मूर्ति में देवत्व की स्थापना की जाती है। इस अनुष्ठान के पश्चात मूर्ति केवल प्रतिमा न रहकर श्रद्धालुओं के लिए पूजनीय देवस्वरूप बन जाती है।
मुख्य यजमान लखन लाल बरनवाल ने बताया कि बजरंग चौक के स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी इच्छा एवं मांग को देखते हुए बजरंग चौक मोड़ पर श्री संकट मोचन मंदिर की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में मंदिर की देखरेख एवं संचालन की जिम्मेदारी बजरंग सेवा समिति द्वारा निभाई जाएगी। उन्होंने भगवान हनुमान से सभी के सुख, शांति एवं कल्याण की कामना की।

प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के समापन के पश्चात महाप्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुबोध बरनवाल, लखन गुप्ता, रंजीत विश्वकर्मा, अंशु बरनवाल, अभिलाष बरनवाल, अर्जुन रजक, दीपक विश्वकर्मा, कन्हैया कुमार, राजेंद्र लाल बरनवाल,जयप्रकाश बरनवाल सहित अन्य भक्तजनों का सराहनीय योगदान रहा।