21 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

बरियातू में स्वीकृत नक्शे से दो मंजिल अधिक निर्माण, भवन मालिक को नगर निगम का नोटिस

Admin
Admin admin
📅 20 Nov 2026, 09:21 PM IST
👁 200 views
WhatsApp Facebook
बरियातू में स्वीकृत नक्शे से दो मंजिल अधिक निर्माण, भवन मालिक को नगर निगम का नोटिस
बरियातू में स्वीकृत नक्शे से दो मंजिल अधिक निर्माण, भवन मालिक को नगर निगम का नोटिस

तीन दिनों में मांगा जवाब, निर्माण कार्य तत्काल बंद करने का निर्देश; संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर भवन सील करने की हो सकती है कार्रवाई

रांची। राजधानी रांची के बरियातू मुख्य मार्ग पर स्वीकृत भवन नक्शे के विपरीत निर्माण का मामला सामने आया है। नगर निगम की जांच में आलम हॉस्पिटल के सामने स्थित एक भवन में स्वीकृत नक्शे से दो मंजिल अधिक निर्माण किए जाने का मामला उजागर हुआ है।

जानकारी के अनुसार, भवन मालिक मोहसीन हसन रजा ने नगर निगम से बी+जी+4 (बेसमेंट, ग्राउंड और चार मंजिल) का नक्शा स्वीकृत कराया था। हालांकि, जांच के दौरान मौके पर भवन का निर्माण बी+जी+6 तक पाया गया। यानी स्वीकृत नक्शे की तुलना में दो अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण किया गया है।

जांच में केवल अतिरिक्त मंजिलों का निर्माण ही नहीं, बल्कि पार्किंग व्यवस्था, सेटबैक और गिफ्ट डीड से संबंधित अनियमितताएं भी सामने आई हैं। इन अनियमितताओं को लेकर नगर निगम ने 20 नवंबर को भवन मालिक को नोटिस जारी किया है।

नगर निगम ने नोटिस के माध्यम से तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने और तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य बंद करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि भवन मालिक की ओर से निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता है, तो अवैध निर्माण हटाने के साथ भवन को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

अब देखना होगा कि नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद भवन मालिक की ओर से क्या जवाब दिया जाता है और नियमों के उल्लंघन पर आगे क्या कार्रवाई होती है।