उपहार, मिठाइयां और दीये भेंट कर बुजुर्ग महिलाओं के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान।
गिरिडीह : इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की ओर से द क्लब गिरिडीह वाला (टीसीजी) रिसॉर्ट, हरि चौक में दीपावली मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में क्लब की सदस्यों ने समाज की बुजुर्ग महिलाओं के साथ दीपावली की खुशियां साझा कर एक सराहनीय सामाजिक पहल की। इस दौरान बुजुर्ग महिलाओं को उपहार स्वरूप लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, सिंहासन, आसनी, दीये, मोमबत्तियां और मिठाइयां भेंट की गईं। क्लब अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला सहित सभी सदस्यों ने बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मौके पर अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी दूसरों के जीवन में खुशियों के दीप जलाने में है। खासकर उन लोगों के बीच खुशियां बांटना जरूरी है, जिन्हें अपनों के स्नेह और साथ की जरूरत है। क्लब एक परिवार की तरह है और समाज के बुजुर्गों को इस परिवार से जोड़कर त्योहार मनाना ही आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। समारोह के दौरान क्लब की आईएसओ नमिता जमुआर के नेतृत्व में इको-फ्रेंडली तोरण (बंदनवार) निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें शशि जैन ने प्रथम तथा सुधा श्रीवास्तव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों विजेताओं को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। वहीं, कोषाध्यक्ष रश्मि गुप्ता द्वारा आयोजित मनोरंजक खेलों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया। इस अवसर पर अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला एवं सदस्य सुधा श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों को दीपावली के उपहार भेंट किए। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने मिलकर फुलझड़ियां जलाईं और दीपावली का जश्न मनाया। आपसी प्रेम, सम्मान, हंसी-खुशी और सामाजिक सरोकारों के संदेश के साथ आयोजित यह दीपावली मिलन समारोह सभी के लिए यादगार बन गया। कार्यक्रम की सफलता में क्लब के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बुजुर्ग महिलाओं के साथ दीपावली मनाकर इनर व्हील क्लब सनशाइन ने बांटी खुशियां, लिया आशीर्वाद।