22 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, मजदूरी के लिए रांची ले जाए जा रहे चार नाबालिग बच्चों को कराया रेस्क्यू

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 21 Nov 2026, 02:14 PM IST
👁 13 views
WhatsApp Facebook
बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, मजदूरी के लिए रांची ले जाए जा रहे चार नाबालिग बच्चों को कराया रेस्क्यू
बरहरवा: बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने बाल श्रम और नाबालिग बच्चों को कथित रूप से काम पर लगाने के लिए दूसरे शहर ले जाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया है। वहीं, बच्चों को मजदूरी कराने के उद्देश्य से रांची ले जा रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरपीएफ की इस कार्रवाई से बच्चों को संभावित शोषण से बचाया जा सका।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर विशेष निगरानी अभियान चलाया। इसी दौरान चार नाबालिग बच्चों के साथ मौजूद एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ और जांच के दौरान बच्चों के नाबालिग होने तथा उन्हें काम के लिए रांची ले जाने की बात सामने आई। इसके बाद आरपीएफ ने चारों बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया और संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान शाहिद शेख (36 वर्ष), पिता इस्माइल शेख, निवासी पहाड़ गांव, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। रेस्क्यू किए गए चारों बच्चों की उम्र क्रमशः 13, 15, 13 और 15 वर्ष बताई गई है।

*वनांचल एक्सप्रेस से रांची ले जाने की थी तैयारी*

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में बच्चों ने जानकारी दी कि शाहिद शेख उन्हें वनांचल एक्सप्रेस ट्रेन से बरहरवा से रांची ले जाने की तैयारी में था। रांची पहुंचने के बाद उन्हें एक कबाड़ी दुकान में काम पर लगाने की योजना थी। इसके बदले प्रत्येक बच्चे को लगभग छह से सात हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।

पूछताछ के दौरान आरोपी शाहिद शेख ने भी बच्चों को रांची ले जाकर कबाड़ी दुकान में काम पर लगाने की बात स्वीकार की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने तत्काल आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की और इसकी सूचना संबंधित रेल पुलिस को दी।

*जीआरपी बरहरवा में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज*

आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने इस मामले में लिखित प्रतिवेदन जीआरपी बरहरवा को सौंपा। इसके आधार पर जीआरपी बरहरवा कांड संख्या 61/2026 दर्ज किया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2)/143(5) तथा किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 75/81 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले का अनुसंधान एसआई कृष्ण चंद्र गगराई को सौंपा गया है।

*मंथन संस्था की प्रतिनिधि को सौंपे गए बच्चे*

रेस्क्यू किए गए चारों नाबालिग बच्चों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने, उनकी सुरक्षा और समुचित देखरेख के लिए मंथन संस्था बरहरवा की प्रतिनिधि आराधना मंडल को सौंप दिया गया है। संस्था के माध्यम से बच्चों की देखभाल एवं आगे की आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के साथ एएसआई सुरेश पासवान, हेड कांस्टेबल नवीन कुमार यादव सहित अन्य जवान मौजूद थे। रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की इस कार्रवाई को नाबालिग बच्चों को संभावित बाल श्रम और शोषण से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।