गिरिडीह : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर पचंबा स्थित बुढ़वा तालाब छठ घाट की साफ-सफाई एवं बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की कवायद तेज कर दी गई है। छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए स्थानीय स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में मुखिया प्रतिनिधि मेहताब मिर्जा उर्फ डब्लू के नेतृत्व में समाजसेवी राजकुमार दास, अभय कुमार दास, सुनील दास, आदिल मिर्जा, कुंदन कुमार दास एवं गौतम दास सहित अन्य लोगों ने बुढ़वा तालाब छठ घाट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घाट की साफ-सफाई, तालाब के आसपास की स्वच्छता, पहुंच पथ तथा छठ व्रतियों के आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया गया। साथ ही छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस मौके पर उपस्थित लोगों ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, पवित्रता और स्वच्छता का प्रतीक है। ऐसे में छठ घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय लोगों से भी इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की। वहीं, स्थानीय लोगों की सहभागिता से बुढ़वा तालाब छठ घाट को छठ पूजा से पूर्व स्वच्छ, सुंदर एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि व्रती श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
छठ महापर्व को लेकर बुढ़वा तालाब छठ घाट की साफ-सफाई तेज, निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा।