22 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

गोपाष्टमी मेले के चौथे दिन पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, गौशाला में 900 गोवंशों की सेवा को बताया सराहनीय।

A
Amit Kumar reporter
📅 21 Nov 2026, 11:01 AM IST
👁 37 views
WhatsApp Facebook
गोपाष्टमी मेले के चौथे दिन पहुंचीं केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, गौशाला में 900 गोवंशों की सेवा को बताया सराहनीय।
राधा-कृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना कर किया मूर्ति घर का भ्रमण, दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का किया शुभारंभ।
गिरिडीह। ऐतिहासिक 129वें गिरिडीह-पचंबा श्री गोपाल गौशाला गोपाष्टमी मेले के चौथे दिन शुक्रवार को केंद्र सरकार की महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी पहुंचीं। गौशाला परिसर पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले राधा-कृष्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद मूर्ति घर में स्थापित विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का दर्शन किया।
इस अवसर पर गोपाष्टमी मेला कमेटी की ओर से केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मौके पर केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पचंबा गोपाल गौशाला का यह मेला हमेशा से ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण रहा है। इतने बड़े स्तर पर मेले का आयोजन सराहनीय है। उन्होंने गौशाला में करीब 900 गोवंशों के पालन-पोषण और उनकी देखरेख के लिए गौशाला कमेटी की ओर से किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि गोवंशों की सेवा और संरक्षण का जो संकल्प समिति ने लिया है, वह काबिले तारीफ है।
उन्होंने कहा कि गौशाला में बड़ी संख्या में गोवंशों की सेवा और उनके बेहतर रखरखाव की जिम्मेदारी निभाना अपने आप में एक महत्वपूर्ण कार्य है। इसके लिए गौशाला समिति के सभी सदस्य बधाई के पात्र हैं।
इस दौरान मेला संयोजक मुकेश साहू, श्री गोपाल गौशाला के कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप डोकानिया, भाजपा नेता महादेव दुबे, दिनेश यादव, मुकेश जलान, नवीन सिन्हा, गौतम सोनी, नीलू केडिया समेत गौशाला समिति के काफी संख्या में सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।