दिनांक: 02 नवंबर 2026 | राँची
JBVNL आउटसोर्सिंग मजदूरों के अधिकारों को लेकर ऑक्सीजन पार्क में बैठक, देवेंद्र नाथ महतो ने उठाई आवाज
राँची। झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) में कार्यरत आउटसोर्सिंग मजदूरों की समस्याओं और उनके वैधानिक अधिकारों को लेकर आज ऑक्सीजन पार्क, मोरहाबादी में बैठक आयोजित की गई। बैठक में JLKM केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष दिशुम वीर बाबू देवेन्द्र नाथ महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक में सैकड़ों की संख्या में बिजली विभाग के आउटसोर्सिंग मजदूर उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मजदूरों ने आउटसोर्सिंग कंपनियों के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को समय पर वेतन भुगतान नहीं होने, काम के अनुरूप ग्रेड निर्धारण में पारदर्शिता की कमी, PF एवं ESI सुविधाओं, छुट्टी के दिन काम करने पर भुगतान, अतिरिक्त कार्य के ओवरटाइम तथा वार्षिक बोनस जैसे मुद्दों पर अपनी समस्याएं रखीं।
मजदूरों को संबोधित करते हुए देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था के नाम पर मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं किया जा सकता। मजदूरों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से होना चाहिए और कंपनियों को लागू श्रम प्रावधानों का पालन करना चाहिए।
बैठक के दौरान देवेन्द्र नाथ महतो ने JMD कंपनी के प्रतिनिधि से टेलीफोन पर बातचीत कर मजदूरों की समस्याओं से अवगत कराया। कंपनी की ओर से आश्वासन दिया गया कि कर्मचारियों को लागू प्रावधानों के तहत मिलने वाले अधिकार और लाभ उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद श्रम विभाग के संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत की गई। अधिकारियों ने मजदूरों की समस्याओं को लेकर लिखित आवेदन देने को कहा तथा आश्वासन दिया कि आवेदन प्राप्त होने के बाद टीम गठित कर मामले की जांच की जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए वे लगातार आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने मजदूरों से एकजुट रहने और अपनी समस्याओं को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सामने रखने की अपील की।
JBVNL आउटसोर्सिंग मजदूरों के अधिकारों को लेकर ऑक्सीजन पार्क में बैठक, देवेंद्र नाथ महतो ने उठाई आवाज