गोड्डा : झारखंड के गोड्डा जिले के महगामा थाना क्षेत्र के मोहानी गांव में मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर हुए विवाद के बाद एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के पिता ने उसके पति और सास-ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जुड़ा मानकर सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान 28 वर्षीय प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। वह सुनील साह की पत्नी थीं और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। जानकारी के अनुसार, घटना के समय पति खेत में धान की कटाई कर रहा था, जबकि घर में बच्चे मौजूद थे। बाद में घर के अंदर प्रियंका का शव मिला।
मृतका के पिता बिट्टू साव के अनुसार, प्रियंका और उसके पति के बीच मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि योजना के तहत मिली राशि से पति ने मोबाइल फोन खरीद लिया था। इसी बात को लेकर बुधवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पिता ने आरोप लगाया है कि पति और सास ने उनकी बेटी के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया। हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलने पर महगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। महगामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
प्रियंका अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गई हैं। तीनों बच्चों की उम्र छह वर्ष से कम बताई गई है। मां की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मंईयां सम्मान योजना के पैसों से पति ने खरीदा मोबाइल, विवाद के बाद विवाहिता की मौत; पुलिस जांच में जुटी