साहिबगंज:
जिले के छह होनहार एथलीट अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। मध्यप्रदेश के शिवपुरी में 12 से 16 नवंबर तक आयोजित होने वाली 70वीं नेशनल स्कूल गेम्स एथलेटिक्स अंडर-17 वर्ष चैंपियनशिप के लिए साहिबगंज के छह खिलाड़ियों का झारखंड राज्य टीम में चयन किया गया है। सभी चयनित खिलाड़ी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रांची के रास्ते मध्यप्रदेश के शिवपुरी के लिए रवाना हो चुके हैं। इन खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में उत्साह और खुशी का माहौल है।
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं मध्यप्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। झारखंड की टीम में साहिबगंज के खिलाड़ियों को जगह मिलना जिले के लिए गौरव की बात है।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान इंटर विद्यालय एवं खेल विभाग के सहयोग से सिद्धो-कान्हू स्टेडियम, साहिबगंज में संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र के छह प्रशिक्षुओं का चयन किया गया है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की ओर से 3 एवं 4 अक्टूबर को बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम, होटवार (रांची) में आयोजित खेलो झारखंड राज्य स्तरीय अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर इन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चुना गया है।
*इन छह खिलाड़ियों को मिला मौका*
राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए चयनित खिलाड़ियों में सामू मरांडी का चयन 400 मीटर हर्डल्स, संतोष मुर्मू का ट्रिपल जंप, जमादार केरई का ऊंची कूद, जमशेद अंसारी का 5000 मीटर पैदल चाल, पृथ्वी राज मंडल का जेवलिन थ्रो तथा सानू कुमार यादव का डिस्कस थ्रो एवं जेवलिन थ्रो स्पर्धा के लिए हुआ है। सभी खिलाड़ी अपने-अपने खेल में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयारी के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जा रहे हैं।
*राष्ट्रीय स्तर पर पहले भी दिखा चुके हैं प्रतिभा*
आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज के कोच योगेश यादव ने छह खिलाड़ियों के एक साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अंडर-17 वर्ग में जिले के छह खिलाड़ियों का चयन होना साहिबगंज के लिए गर्व का क्षण है। सभी चयनित एथलीट पूर्व में भी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार भी खिलाड़ी अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल के दम पर झारखंड एवं साहिबगंज का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले के उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उपविकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला शिक्षा अधीक्षक उर्मिला हांसदा, एपीओ शबनम तबस्सुम तथा राजस्थान इंटर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य ओम प्रकाश गुप्ता सहित जिले के खेल प्रेमियों एवं गणमान्य लोगों ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
जिलेवासियों ने उम्मीद जताई है कि साहिबगंज के ये छह प्रतिभाशाली एथलीट राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल करेंगे और जिले के साथ-साथ झारखंड का मान बढ़ाएंगे।
नेशनल स्कूल गेम्स में साहिबगंज के छह खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, झारखंड टीम में मिली जगह