बोरियो:
सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात नियमों का पालन कराने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं परिवहन विभाग की ओर से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी के निर्देशानुसार जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द के नेतृत्व में देर रात बोरियो थाना क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़क से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया एवं अन्य सभी प्रकार के वाहनों की बारीकी से जांच की गई। जांच के क्रम में मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों का उल्लंघन करते पाए गए कुल 40 वाहनों के विरुद्ध चालान काटने की कार्रवाई की गई। इन वाहनों से कुल 1 लाख 30 हजार 600 रुपये (₹1,30,600) का जुर्माना वसूल किया गया।
नशे में वाहन चलाने वालों पर भी रही नजर
वाहन जांच अभियान के दौरान केवल कागजात और यातायात नियमों के उल्लंघन तक ही कार्रवाई सीमित नहीं रही, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के मद्देनजर वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से भी जांच की गई। इसके माध्यम से नशे की हालत में वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) के मामलों की पहचान करने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने के प्रति जागरूक भी किया।
अभियान में परिवहन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी रहे शामिल
इस सघन वाहन जांच अभियान में मोटरयान निरीक्षक, साहिबगंज कुमार उत्कर्ष, बोरियो थाना प्रभारी ओम प्रकाश चौहान, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अनुज पराशर, आईटी सहायक राजहंस सहित पुलिस बल के जवान सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
जिला प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। अपने साथ वाहन के आवश्यक दस्तावेज रखें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर इस तरह के जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नियम तोड़ने वाले 40 वाहन चालकों पर कार्रवाई, परिवहन विभाग ने वसूला 1.30 लाख जुर्माना