आगामी नवंबर 2026 में आयोजित होने वाले सघन पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर शुक्रवार, 30 अक्टूबर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पतना में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पल्स पोलियो अभियान में तैनात सभी पर्यवेक्षकों एवं सब-डिपो होल्डरों को अभियान के सफल संचालन, निर्धारित कार्ययोजना और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान मेडिकल ऑफिसर डॉ. मुकुंद ने बताया कि आगामी 22 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक पल्स पोलियो अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि अभियान के पहले दिन निर्धारित पोलियो बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन स्वास्थ्यकर्मी एवं अभियान से जुड़े कर्मी घर-घर जाकर उन बच्चों की पहचान करेंगे, जो किसी कारणवश पहले दिन बूथ पर नहीं पहुंच सके थे।
उन्होंने बताया कि ऐसे बच्चे जो किसी कारण से घर पर उपलब्ध नहीं थे अथवा गांव से बाहर चले गए थे, उनकी पहचान कर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाना आवश्यक है। इसके लिए सभी पर्यवेक्षकों और सब-डिपो होल्डरों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने तथा अभियान की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर सुबोध शर्मा ने अभियान की गंभीरता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी घर में पोलियो की खुराक पीने से छूटे हुए बच्चे नहीं मिलने चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि किसी पर्यवेक्षक के निर्धारित क्षेत्र में कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक पीने से छूटा हुआ पाया जाता है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित पर्यवेक्षक की होगी। उन्होंने सभी कर्मियों से पूरी ईमानदारी, सजगता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मेडिकल ऑफिसर डॉ. कुणाल किशोर, बीटीटी कृपा सिंधु रजक, पर्यवेक्षक कुतुब अंसारी, राधाकांत, शिवराज रंजन, तारापद रंजन, आनंद कुमार सहित सब-डिपो होल्डर कारमेला हसदा एवं अल्बीना हसदा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से सभी संबंधित कर्मियों को अभियान की सफलता के लिए आपसी समन्वय, शत-प्रतिशत बच्चों तक पोलियो की खुराक पहुंचाने तथा कोई भी बच्चा छूटने न पाए, इस लक्ष्य के साथ कार्य करने का संदेश दिया गया।
पल्स पोलियो अभियान को लेकर पतना सीएचसी में पर्यवेक्षकों एवं सब-डिपो होल्डरों का प्रशिक्षण आयोजित