22 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस पर आज जिले में निर्धारित बूथों पर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।

A
Amit Kumar reporter
📅 22 Nov 2026, 08:58 PM IST
👁 9 views
WhatsApp Facebook
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस पर आज जिले में निर्धारित बूथों पर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के प्रथम दिवस पर आज जिले में निर्धारित बूथों पर 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस अवसर पर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, रामनिवास यादव ने गांडेय प्रखंड पहुंचकर अभियान का शुभारंभ किया। उपायुक्त ने स्वयं बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई तथा अभियान के सफल संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय संकल्प को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब जिले का कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा अभिभावकों को अपने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने के लिए प्रेरित करें।
अभियान के प्रथम दिवस पर जिले के सभी निर्धारित 2,337 बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की व्यवस्था की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा निर्धारित बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी गई। अभियान के तहत जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 4,90,549 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपायुक्त ने अभियान के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप अधिकाधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने पर जोर देते हुए कहा कि बूथों पर आने वाले प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक दी जाए। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ इलाकों, झुग्गी-बस्तियों तथा प्रवासी परिवारों के बच्चों तक अभियान की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
अभियान के प्रथम दिवस के बाद 23 एवं 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बूथ पर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इस दौरान विशेष रूप से ऐसे बच्चों की पहचान की जाएगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके हैं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घर-घर भ्रमण के दौरान कोई भी बच्चा छूटने न पाए तथा निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके सफल संचालन में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ अभिभावकों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, गांडेय के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।