Wednesday, 21 October 2026
Current Khabar

सलैया स्टेशन से 38 जायरीन हरमैन शरीफ की जियारत के लिए रवाना, उमराह के सफर पर निकले जायरीनों को मुखिया शब्बीर आलम ने दी मुबारकबाद ।

A
Amit Kumar reporter
📅 20 Oct 2026, 08:29 PM IST
👁 28 views
सलैया स्टेशन से 38 जायरीन हरमैन शरीफ की जियारत के लिए रवाना, उमराह के सफर पर निकले जायरीनों को मुखिया शब्बीर आलम ने दी मुबारकबाद ।
गिरिडीह: जिले के सलैया रेलवे स्टेशन से सोमवार देर शाम हजरे अस्वद टूर एंड ट्रैवल्स के बैनर तले लगभग 38 जायरीन उमराह के मुकद्दस सफर के लिए रवाना हुए। अल्लाह तआला के पाक घर बैतुल्लाह शरीफ और मस्जिद-ए-नबवी की जियारत की नीयत से निकले जायरीनों को विदा करने के लिए स्टेशन पर उनके परिजनों, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी।
बताया जाता है कि हजरे अस्वद टूर एंड ट्रैवल्स के माध्यम से तेलोडीह, कोड़वाडीह, कसियाडीह, अल्गुन्दा,जीतपुर,उन्द्रों, नरेंद्रपुर समेत आसपास के विभिन्न इलाकों से जायरीन उमराह के लिए रवाना हुए। इस टूर एंड ट्रैवल्स का एक ब्रांच तेलोडीह पंचायत क्षेत्र में भी स्थित है।
हज और उमराह के मुकद्दस सफर को आसान बनाने के लिए हजरे अस्वद टूर एंड ट्रैवल्स की ओर से जायरीनों को पासपोर्ट, वीजा, होटल, बस और उमराह के अरकान से जुड़ी जरूरी जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। सफर के दौरान जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भी जरूरी इंतजामों में सहयोग किया जाता है।
इस्लाम में हज को साहिब-ए-इस्तिताअत यानी आर्थिक और शारीरिक रूप से सक्षम मुसलमानों पर जिंदगी में कम से कम एक बार फर्ज बताया गया है। वहीं उमराह भी बड़ी फजीलत वाला इबादती अमल है। दुनिया की भागदौड़ से दूर होकर अल्लाह तआला की इबादत, दुआ और अपने गुनाहों की माफी मांगने की नीयत से जायरीन इस मुकद्दस सफर पर रवाना होते हैं।
इस मौके पर तेलोडीह पंचायत के मुखिया शब्बीर आलम भी सलैया स्टेशन पहुंचे और जायरीनों का इस्तकबाल किया। उन्होंने सभी जायरीनों को उमराह के मुकद्दस सफर की मुबारकबाद देते हुए उनके सफर की आसानी, सलामती और कुबूलियत के लिए दुआ की। साथ ही उन्होंने जायरीनों से अपील की कि हरमैन शरीफ में अपने मुल्क भारत, झारखंड और गिरिडीह समेत पूरे इलाके में अमन, चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए खास तौर पर दुआ करें।
स्टेशन पर भावुक माहौल के बीच जायरीन अपने घरवालों और अजीजों से दुआएं लेते हुए ट्रेन में सवार हुए। सभी की आंखों में हरमैन शरीफ की जियारत की खुशी और दिलों में अल्लाह तआला के दरबार में हाजिरी की तड़प नजर आई।
तमन्ना है कि अल्लाह तआला तमाम जायरीनों के इस मुकद्दस सफर को आसान फरमाए, उन्हें खैरियत के साथ हरमैन शरीफ पहुंचाए, उनकी इबादतों और दुआओं को कुबूल फरमाए और उन्हें सलामती के साथ उनके घरों तक वापस लाए।
Share this article