लोकसभा में धनबाद सांसद के सवाल पर रेल मंत्रालय का मिला जवाब

धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने लोकसभा में अपने क्षेत्र के एक गंभीर मुद्दे को उठाया। उन्होंने मलकेरा (एमएलक्यू) और महुदा (एमएचक्यू) खंड पर स्थित समपार सं. AM-50 और AM-51 के बीच प्रस्तावित अंडरपास को निरस्त करने को कहा। ग्रामीणों की सुविधा के लिए वहां ओवरब्रिज (ऊपर सड़क पुल) के निर्माण की मांग रखी।
रेल मंत्रालय ने इस पर जवाब देते हुए बताया कि समपार सं. AM-50 को पहले ही बंद कर दिया गया है और सड़क यातायात को समपार सं. AM-51 से डायवर्ट किया गया है। मंत्रालय ने कहा कि अब यातायात की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए, समपार सं. AM-51 पर ओवरब्रिज निर्माण की योजना बनाई गई है। यह परियोजना तकनीकी रूप से व्यवहारिक पाई गई है और 5 मीटर x 5 मीटर आकार का ओवरब्रिज बनाने की योजना को मंजूरी दी गई है।
रेल मंत्रालय ने जानकारी दी कि भारतीय रेलवे निरंतर समपार फाटकों को खत्म कर वहां ओवरब्रिज/अंडरब्रिज का निर्माण कर रही है। इस दिशा में, वर्ष 2004-14 की तुलना में 2014-25 (फरवरी 2025 तक) के दौरान तीन गुना अधिक 12,977 ओवरब्रिज/अंडरब्रिज बनाए गए हैं, जिनमें झारखंड में 459 शामिल हैं।
इसके अलावा, भारतीय रेलवे ने 01 फरवरी 2025 तक 4,344 ओवरब्रिज/अंडरब्रिज के निर्माण कार्य को मंजूरी दी है, जिनकी कुल लागत ₹97,422 करोड़ है। इनमें झारखंड राज्य के लिए 2,641 करोड़ रुपये की लागत से 157 पुल स्वीकृत किए गए हैं, जो विभिन्न चरणों में हैं।
रेल मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि ओवरब्रिज निर्माण की समय-सीमा राज्य सरकार के सहयोग, भूमि अधिग्रहण, बाधाओं को हटाने, आवश्यक अनुमतियों, मौसम की परिस्थितियों और सुरक्षा व्यवस्था जैसी विभिन्न प्रक्रियाओं पर निर्भर करती है।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि वे लगातार क्षेत्र के विकास और जनता की मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि मलकेरा-महुदा खंड पर ओवरब्रिज निर्माण से क्षेत्रवासियों को सुगम और सुरक्षित यातायात की सुविधा मिलेगी। राज्य सरकार सारी प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा करे ताकि इस निर्माण कार्य प्रारंभ हो।