बोकारो/हजारीबाग, 4 दिसंबर 2025।
खतियान आधारित नीतियों और छात्र अधिकारों की मांग को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने आज से अपना व्यापक आंदोलन ‘छात्र अधिकार यात्रा’ शुरू कर दिया। विधायक जयराम कुमार महतो ने बोकारो जिले के डुमरी से इस पदयात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा 9 दिसंबर को राजधानी रांची पहुंचेगी, जहां विधानसभा के समक्ष संगठन द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।

यात्रा की शुरुआत चिरैया मोड़ में विनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ की गई। इस दौरान संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं विधायक जयराम महतो ने पदयात्रा में शामिल लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और इसकी शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन पर बल दिया। इसके बाद वे सर्वदलीय बैठक में शामिल होने हेतु रांची के लिए रवाना हो गए।

संगठन के केंद्रीय वरीय उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने बताया कि आंदोलन के पहले ही दिन पदयात्रा ने 45 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए हजारीबाग जिला में प्रवेश कर लिया। उन्होंने कहा कि यात्रा चिरैया मोड़, बगोदर, हरिहर धाम और चलानिया मार्ग होते हुए बिशुनगढ़ तक पहुंची है।

देवेंद्रनाथ महतो ने दो टूक कहा— “खतियान और छात्रों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। यह आंदोलन छात्रों के भविष्य और अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक साबित होगा।”
पदयात्रा के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे, जिनमें देवेंद्र नाथ महतो, मोतीलाल महतो, मनोज यादव, पूजा महतो, दीपक रवानी, बिहारी महतो, महेंद्र प्रसाद मंडल, लीलावती देवी और दिनेश साहू प्रमुख रूप से उपस्थित थे। यात्रा में उत्साह और जोश बनाए रखने के लिए कार्यकर्ताओं ने पूरे मार्ग में नारे लगाए और लोगों को आंदोलन के उद्देश्यों से अवगत कराया।
संगठन ने घोषणा की है कि छात्र अधिकार यात्रा लगातार आगे बढ़ती रहेगी और 9 दिसंबर को विधानसभा के समक्ष बड़ा प्रदर्शन कर सरकार पर दबाव बनाएगी।
