गिरिडीह: डीएवी पब्लिक स्कूल, सीसीएल गिरिडीह के प्रांगण में शुक्रवार को दीपावली, भाई दूज एवं छठ महापर्व के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह में विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना को जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी विपिन कुमार थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों के रोली-तिलक से स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि, प्राचार्य, वरिष्ठ शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर समारोह का उद्घाटन किया। स्वागत संबोधन में प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल ने सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों को दीपावली, भाई दूज और छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि ये पर्व अब केवल बिहार और झारखंड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बना चुके हैं। विशेष रूप से छठ महापर्व प्रकृति के प्रति श्रद्धा, समर्पण और कृतज्ञता का संदेश देता है। उन्होंने मुख्य अतिथि को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद ईडीपी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने प्राकृतिक पटाखों के विभिन्न रूपों में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की नाटिका में भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली। भाई दूज के अवसर पर भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। छोटे बच्चों ने श्रीराम गीत पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं, बड़े विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से छठ महापर्व की महिमा, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विशेषताओं का सजीव चित्रण किया। इसके बाद पारंपरिक छठ गीतों पर प्रस्तुत मनमोहक नृत्य ने पूरे विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास से भरपूर प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी विपिन कुमार ने अपने संबोधन में भारतीय प्राचीन इतिहास, संस्कृति और आधुनिकता के बीच सामंजस्य स्थापित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए प्राचार्य एवं विद्यालय समारोह का एक प्रमुख आकर्षण रंगोली प्रतियोगिता भी रही। प्रतियोगिता का विषय लोकतंत्र एवं एसआईआर तथा महिला सशक्तीकरण रखा गया था। कक्षा तृतीय से द्वादश तक के विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोलियां बनाईं। मापन सत्र में वरिष्ठ शिक्षक योगेश्वर शर्मा ने मुख्य अतिथि, प्राचार्य, शिक्षक शिक्षिकाओं, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को सफल आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी भारतीय संस्कृति, सभ्यता तथा प्रकृति के संरक्षण और संवर्धन को प्राथमिकता देता रहेगा। अंत में प्राचार्य ओमप्रकाश गोयल ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले शिक्षक शिक्षिकाओं और कर्मचारियों की सराहना की। इस प्रकार विद्यालय का यह समारोह भारतीय संस्कृति, पारिवारिक प्रेम, प्रकृति संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देता हुआ संपन्न हुआ।
डीएवी पब्लिक स्कूल में दीपावली, भाई दूज और छठ महापर्व की धूम, बच्चों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटा।