25 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

डॉल्फिन संरक्षण की दिशा में पहल, साहिबगंज के वॉचर्स को दी गई वैज्ञानिक फोटोग्राफी की ट्रेनिंग

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 07 Nov 2026, 07:55 AM IST
👁 29 views
WhatsApp Facebook
डॉल्फिन संरक्षण की दिशा में पहल, साहिबगंज के वॉचर्स को दी गई वैज्ञानिक फोटोग्राफी की ट्रेनिंग
*साहिबगंज:* गंगा नदी में डॉल्फिन के संरक्षण और उनकी गतिविधियों की वैज्ञानिक निगरानी को प्रभावी बनाने की दिशा में साहिबगंज वन प्रमंडल ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। वन प्रमंडल के डॉल्फिन वॉचर्स के लिए आयोजित दो दिवसीय डॉल्फिन फोटोग्राफी प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को संपन्न हो गया। वन प्रमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण में वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन ट्रस्ट (डब्ल्यूसीटी), मुंबई के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को डॉल्फिन की वैज्ञानिक फोटोग्राफी, पहचान और उनके संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षक सौमेन बख्शी, आशुतोष कुमार एवं अक्षय कुमार ने बताया कि डॉल्फिन की तस्वीरें केवल फोटोग्राफी तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से जलीय जीवों के वैज्ञानिक अध्ययन और दीर्घकालिक संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। कैमरे से ली गई स्पष्ट और सही कोण की तस्वीरों के आधार पर डॉल्फिन की शारीरिक बनावट, पहचान, स्वास्थ्य और गतिविधियों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त की जा सकती हैं।

विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को बताया कि डॉल्फिन की शारीरिक लंबाई के आधार पर उसकी उम्र का अनुमान लगाने में मदद मिलती है। वहीं, उसके थूथन (स्नाउट) की लंबाई एवं अन्य शारीरिक विशेषताओं के आधार पर नर और मादा की पहचान की जा सकती है। शरीर पर मौजूद विभिन्न निशानों और दिखाई देने वाले लक्षणों के अध्ययन से उसके स्वास्थ्य एवं शारीरिक स्थिति का आकलन भी संभव है।

प्रशिक्षण में डॉल्फिन के शिशुओं (काफ्स) की पहचान और उनकी उपस्थिति का रिकॉर्ड तैयार करने पर भी विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि डॉल्फिन के शिशुओं से संबंधित नियमित आंकड़े जुटाने से नदी में उनके प्रजनन की स्थिति तथा प्रजनन के अनुकूल पर्यावरणीय परिस्थितियों को समझने में मदद मिलती है। इससे संरक्षण की रणनीति तैयार करने और डॉल्फिन की आबादी की स्थिति का आकलन करने में भी सहायता मिलती है।

इस दौरान प्रतिभागियों को फील्ड में फोटोग्राफी करते समय बरती जाने वाली सावधानियों, तस्वीर लेने के सही कोण, डॉल्फिन की महत्वपूर्ण शारीरिक विशेषताओं को कैमरे में दर्ज करने तथा प्राप्त तस्वीरों के माध्यम से उपयोगी वैज्ञानिक आंकड़े संकलित करने की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

मौके पर वन प्रमंडल पदाधिकारी ने कहा कि डॉल्फिन के प्रभावी संरक्षण के लिए वैज्ञानिक निगरानी और नियमित आंकड़ा संकलन बेहद जरूरी है। प्रशिक्षित डॉल्फिन वॉचर्स के माध्यम से डॉल्फिन की पहचान, उनकी गतिविधियों, स्वास्थ्य और प्रजनन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने में मदद मिलेगी। इससे संरक्षण संबंधी प्रयासों को अधिक वैज्ञानिक और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रशिक्षण से डॉल्फिन वॉचर्स की कार्यक्षमता और तकनीकी समझ में वृद्धि होगी तथा वे क्षेत्र में डॉल्फिन की निगरानी और संरक्षण के कार्य को और बेहतर तरीके से अंजाम दे सकेंगे। दो दिवसीय प्रशिक्षण को साहिबगंज में डॉल्फिन संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।