गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने गिरिडीह जिले के बेंगाबाद प्रखंड की भलकुदर पंचायत अंतर्गत नेयाडाबर में लगभग ढाई करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित पुल का विधिवत उद्घाटन किया। पुल के शुरू होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सहूलियत मिलेगी और साथ ही आसपास की कई पंचायतों के गांवों के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा।
इस पुल के निर्माण से वर्षों से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बरसात के दिनों में नदी पार करने की परेशानी से लोगों को निजात मिलेगी। वंही पुल बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लोगों का आवागमन भी आसान होगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीण इलाकों में सड़क, पुल-पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, लेकिन जनहित और क्षेत्र के विकास के लिए काम करने का सिलसिला जारी रहना चाहिए। श्रीमती सोरेन ने खराब मौसम के बावजूद भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों के के वहां पहुंचने पर आभार जताया।
उन्होंने विश्वास जताया कि पुल बनने से आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इस दौरान विधायक ने बांसजोर गांव में वन विभाग की ओर से निर्मित पतला शेड का भी उद्घाटन किया। इस दौरान कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद डॉक्टर सरफराज अहमद सहित गिरिडीह के झारखंड मुख्य मोर्चा के पदाधिकारी गण स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
ढाई करोड़ की लागत से बने पुल का विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन में बड़ी राहत।