26 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

फ्रेंड्स ऑफ विकर सोसाइटी, रांची ने शुरू किया स्वेटर वितरण अभियान, जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी स्कूल की यूनिफार्म के तौर पर स्वेटर्स।

Noor Hasan
Noor Hasan editor
📅 26 Nov 2026, 08:46 PM IST
👁 52 views
WhatsApp Facebook
फ्रेंड्स ऑफ विकर सोसाइटी, रांची ने शुरू किया स्वेटर वितरण अभियान, जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी  स्कूल की यूनिफार्म के तौर पर स्वेटर्स।
फ्रेंड्स ऑफ विकर सोसाइटी, रांची ने शुरू किया स्वेटर वितरण अभियान, जरूरतमंद विद्यार्थियों को दी स्कूल की यूनिफार्म के तौर पर स्वेटर्स।

रांची। सर्दी के मौसम को देखते हुए फ्रेंड्स ऑफ विकर सोसाइटी, रांची ने हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच स्वेटर वितरण अभियान शुरू किया है। इस अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को ठंड से बचाना और सर्दियों में भी उनकी स्कूल में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत आज रांची के ड्रीमलैंड पब्लिक स्कूल, अफाक अकादमी और मदरसा सैतूल कुरआन के जरूरतमंद विद्यार्थियों के बीच स्वेटर वितरित किए गए। स्वेटर वितरण के दौरान बच्चों से मौखिक रूप से कुछ सवाल पूछे गए, ताकि उन्हें यह महसूस हो कि स्वेटर उनकी योग्यता और प्रतिभा के आधार पर दिया जा रहा है, न कि केवल उनकी आर्थिक स्थिति को देखकर। सोसाइटी की इस पहल का उद्देश्य बच्चों में आत्मसम्मान और आत्मविश्वास बनाए रखना है, ताकि किसी बच्चे को मदद मिलने के कारण हीन भावना महसूस न हो।

फ्रेंड्स ऑफ विकर सोसाइटी शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ना, स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति यानी ड्रॉपआउट को रोकना और उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। स्वेटर वितरण अभियान भी इसी प्रयास का हिस्सा है, ताकि ठंड के कारण कोई बच्चा स्कूल आने से वंचित न रहे।
इस अवसर पर सोसाइटी के अध्यक्ष तनवीर अहमद ने कहा कि हमारा प्रयास सिर्फ जरूरतमंद बच्चों को सामान देना नहीं, बल्कि उनके आत्मसम्मान को बनाए रखते हुए उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है। हम चाहते हैं कि बच्चों को यह महसूस हो कि वे किसी से कम नहीं हैं और उनकी प्रतिभा ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है। सर्दियों में कई गरीब परिवार बच्चों के लिए गर्म कपड़ों की व्यवस्था नहीं कर पाते, जिसके कारण बच्चे स्कूल आने से कतराते हैं या उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है। स्वेटर वितरण के माध्यम से हम ऐसी परेशानी को कम करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारी अपील है कि समाज के लोग शिक्षा के इस अभियान में आगे आएं और बच्चों की पढ़ाई को जारी रखने में सहयोग करें।

कार्यक्रम में सोसाइटी के सचिव सुहैल अख्तर और कोषाध्यक्ष अरशद शमीम भी उपस्थित थे। संस्था की ओर से आने वाले दिनों में अन्य जरूरतमंद विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच भी स्वेटर वितरण अभियान जारी रखा जाएगा।

भवदीय

कमर सिद्दीकी
महा सचिव
फ्रेंड्स ऑफ़ विकर सोसाइटी, रांची
6299848424