गिरिडीह के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में पीपीटी व कक्षाध्यापन कार्यशाला का आयोजन।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा गिरिडीह में आज एक दिवसीय पीपीटी (पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन) कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य शिक्षा को अधिक रोचक और तकनीक-सक्षम बनाना था। इस कार्यशाला में विद्यालय के सभी आचार्य बंधु एवं दीदी जी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यशाला के प्रथम सत्र में आचार्य नलिन जी एवं राजेश नंदन आचार्य जी द्वारा सभी आचार्यों को पीपीटी से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, जिसमें पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन बनाना, स्लाइड में चित्र, एनीमेशन और हिंदी फॉन्ट का उपयोग, बच्चों को डिजिटल माध्यम से कैसे पढ़ाया जाए जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।तत्पश्चात द्वितीय सत्र में आचार्य प्रिंस बर्णवाल, आचार्य सुमन कुमार, आचार्य संतोष मंडल , प्रीति दीदी, ममता दीदी तथा निधि दीदी ने अपने-अपने विषय पर पीपीटी का प्रयोग करते हुए कक्षाध्यापन कर उसका प्रस्तुतीकरण किया। इस दौरान प्रभारी प्रधानाचार्य अजित मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत डिजिटल शिक्षा अत्यंत आवश्यक है और ऐसे प्रशिक्षण से आचार्यों की शिक्षण क्षमता में वृद्धि होगी। यह बच्चों को कक्षा से जोड़ने का सबसे सरल और प्रभावशाली तरीका है। वंही इस मौके पर सभी आचार्यों ने स्वयं कंप्यूटर पर पीपीटी बनाकर अभ्यास भी किया।कार्यशाला के अंत में सभी आचार्य बंधु-दीदी जी ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने विषय की पठन सामग्री को पीपीटी के माध्यम से बच्चों तक पहुँचाएंगे ताकि कक्षा शिक्षण और अधिक प्रभावी बन सके। संघ प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।