इसरी बाजार के बैंक और बड़े ज्वेलर्स के साथ बोकारो के तनिष्क शोरूम को बनाया था निशाना, दो महीने से कर रहे थे रेकी; पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी वारदात
गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश करते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक 7.65 एमएम पिस्टल, दो देशी कट्टा, नौ जिंदा कारतूस और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। अपराधियों की योजना गिरिडीह और बोकारो जिले के बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा ज्वेलरी दुकानों में डकैती की घटना को अंजाम देने की थी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक वारदात टल गई। पुलिस अधीक्षक गिरिडीह को 27 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि निमियाघाट थाना क्षेत्र के रांगामाटी गांव में जीटी रोड किनारे स्थित एक लॉज में कुछ संदिग्ध अपराधी जुटे हुए हैं। सूचना के अनुसार सभी अपराधी गिरिडीह और बोकारो के शहरी इलाकों में किसी बड़े व्यवसायिक प्रतिष्ठान एवं ज्वेलरी दुकान में डकैती करने की योजना बना रहे थे। सूचना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया। टीम ने तत्काल रांगामाटी स्थित लॉज में छापेमारी कर पांचों संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। दो महीने से कर रहे थे प्रतिष्ठानों की रेकी पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने खुलासा किया कि वे पिछले करीब दो महीने से इलाके में रहकर डकैती की योजना बना रहे थे। अपराधियों ने इसरी बाजार स्थित बैंक और बड़े ज्वेलरी प्रतिष्ठानों के अलावा बोकारो जिले के सिटी थाना क्षेत्र स्थित तनिष्क ज्वेलर्स शोरूम को भी निशाने पर रखा था। इन प्रतिष्ठानों की लगातार रेकी की जा रही थी और वारदात को अंजाम देने की तैयारी चल रही थी। गिरफ्तार अपराधियों में यूपी और बिहार के युवक शामिल पुलिस ने जिन पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है, उनमें उत्तर प्रदेश और बिहार के निवासी शामिल हैं।
आकाश सिंह (39 वर्ष), निवासी रामपुर, थाना मुंगरा बादशाहपुर, जिला जौनपुर, उत्तर प्रदेश। सुजीत कुमार (20 वर्ष), निवासी अतासराय, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा, बिहार। जयन्त कुमार (21 वर्ष), निवासी शेखोपुर ढड़िया, थाना भगवानपुर, जिला वैशाली, बिहार। प्रियांशु कुमार (23 वर्ष), निवासी खरिका, थाना बिदुपुर, जिला वैशाली, बिहार। रंजन कुमार (22 वर्ष), निवासी महुंदाचतुर, थाना फतेहपुर, जिला वैशाली, बिहार। पिस्टल, दो कट्टा और तीन मोटरसाइकिल जब्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के पास से एक 7.65 एमएम पिस्टल, पिस्टल के सात जिंदा कारतूस, दो देशी कट्टा और 315 बोर के चार जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। जब्त वाहनों में काले रंग की अपाची मोटरसाइकिल (बीआर-01एचएन-5285), नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल (बीआर-51ई-2895) तथा बिना नंबर प्लेट की काले रंग की होंडा हॉर्नेट सीबी 125 मोटरसाइकिल शामिल है।
आकाश सिंह पर हत्या और लूट समेत कई मामले दर्ज पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मुख्य अपराधी आकाश सिंह का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। वहीं, जयन्त कुमार के खिलाफ बिहार के भगवानपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। एसडीपीओ के नेतृत्व में हुई छापेमारी पूरी कार्रवाई डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में की गई। छापेमारी टीम में निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, डुमरी थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार, निमियाघाट थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मो. उमर खान सहित थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। गिरिडीह पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल जिले में बल्कि बोकारो के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी संभावित डकैती की वारदात को रोकने में सफलता मिली है। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक नेटवर्क, उनके स्थानीय संपर्कों और संभावित अन्य सहयोगियों के संबंध में भी जांच कर रही है।
गिरिडीह में बड़ी डकैती की साजिश नाकाम, पांच अपराधी गिरफ्तार; हथियार और तीन बाइक बरामद।