चांद के दीदार के बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर खोला व्रत, पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने मनाया पर्व।
:पति की लंबी आयु, सुखी दांपत्य जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना को लेकर मनाया जाने वाला करवा चौथ का पर्व गुरुवार को गिरिडीह में श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पंजाबी समाज सहित विभिन्न समाजों की सुहागिन महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। करवा चौथ को लेकर महिलाओं में सुबह से ही खासा उत्साह देखने को मिला। पर्व के अवसर पर पंजाबी समाज की महिलाओं ने एक सुहागिन के घर एकत्रित होकर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। इस दौरान पंजाबी समाज की महिलाओं के अलावा अन्य समाजों की सुहागिन महिलाएं भी मौजूद रहीं। सभी ने मिलकर पारंपरिक रीति रिवाजों का पालन करते हुए पूजा की और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस सामूहिक आयोजन में विभिन्न समाजों की महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, सौहार्द और एकता की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
इस मौके पर सभी महिलाएं आकर्षक पारंपरिक परिधानों और साज-शृंगार में नजर आईं। पूजा के दौरान सुहागिन महिलाओं को उनकी सास और अन्य सुहागिन महिलाओं ने मांग में टीका लगाकर आशीर्वाद दिया। पूरे आयोजन में पारिवारिक प्रेम और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिली। इस दौरान महिलाओं में सेल्फी लेने और तस्वीरें खिंचवाने को लेकर भी काफी उत्साह रहा। वंही मौके पर चांद के दीदार के बाद खोला निर्जला व्रत व्रत कर रही महिलाओं ने बताया कि करवा चौथ के दिन वे सुबह से ही निर्जला उपवास रखती हैं। दिनभर उपवास करने के बाद शाम को विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। इसके बाद चांद निकलने का इंतजार किया जाता है। चंद्रमा के दर्शन छलनी से करने और फिर अपने पति का चेहरा देखने के बाद महिलाएं पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत खोलती हैं।
महिलाओं के अनुसार, करवा चौथ केवल एक व्रत नहीं, बल्कि पति-पत्नी के बीच प्रेम, विश्वास और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करने के साथ भारतीय परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत बनाए रखता है।बहरहाल, हर साल की तरह इस वर्ष भी गिरिडीह में करवा चौथ का पर्व पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। चांद के दीदार के साथ ही सुहागिनों के चेहरे पर खुशी और संतोष की झलक दिखाई दी। विभिन्न समाजों की महिलाओं ने एक साथ पर्व मनाकर आपसी सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश भी दिया। इस मौके पर रिंकी कौर, पूजा वाधवा,इशमीत दुआ ,डाली सलूजा,प्रिया सलूजा, रानी सलूजा, आयुषी सलूजा,आस्था कौर ,जसवीर सलूजा ,शालू सलूजा ,अमृता छाबड़ा सहित कई सुहागिन महिलाएं उपस्थित थी
गिरिडीह में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया करवा चौथ, सुहागिनों ने मांगी पति की लंबी उम्र की कामना।