पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह से चोरी हुई थी गाड़ी, नेपाल बॉर्डर के पास झरोखर थाना क्षेत्र के नारायण टोला में पुलिस ने की छापेमारी
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटना में गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की गई काले रंग की स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 को बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से बरामद कर लिया है। हालांकि, इस मामले में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बीते 2 नवंबर 2026 को पचंबा थाना क्षेत्र के तेलोडीह गांव से काले रंग की स्कॉर्पियो क्लासिक एस-11 की चोरी होने की सूचना मिली थी। मामले को लेकर पचंबा थाना कांड संख्या 113/26, दिनांक 02.11.2026 के तहत धारा 303(2) में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया।
वंही वाहन की बरामदगी के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना का सहारा लिया। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में नेपाल बॉर्डर के पास स्थित झरोखर थाना क्षेत्र के नारायण टोला पहुंची। यहां छापेमारी कर चोरी की गई स्कॉर्पियो को बरामद कर लिया गया।
इस बरामद वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर JH01FL 8863 है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं, चोरी की घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
इस कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रामेश्वर भगत, पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार, सोनू कुमार वर्मा, सहायक अवर निरीक्षक रंजीत पिंगुवा, पचंबा थाना रिजर्व गार्ड तथा गिरिडीह पुलिस की तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।
गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, बिहार के पूर्वी चंपारण से चोरी की स्कॉर्पियो हुई बरामद।