*साहिबगंज:*
जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में साहिबगंज महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। कला, संस्कृति, साहित्य और लोक परंपराओं से जुड़ी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अव्वल स्थान हासिल किया। इस सफलता के साथ ही विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में शुक्रवार को महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सफल प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने सभी विजेता विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके मार्गदर्शक शिक्षकों को भी बधाई दी। प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता महाविद्यालय के समृद्ध शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कला, साहित्य, संगीत और सांस्कृतिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी उनके सर्वांगीण विकास का आधार है। आज धनतेरस के शुभ अवसर पर विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने पूरे महाविद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया है। इस दौरान उन्होंने भगवान धन्वंतरि एवं मां लक्ष्मी से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना भी की।
उल्लेखनीय है कि झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की ओर से 4 नवंबर 2026 को साहिबगंज स्थित सिद्धो-कान्हू सभागार में जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026-27 के अंतर्गत 'विकसित भारत यंग डायलॉग' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। प्रतियोगिता के दौरान पेंटिंग, सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक सहित विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला और रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।
साहिबगंज महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत शिक्षक सह राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उनके कुशल मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस सफलता में उनकी मेहनत, अभ्यास, रचनात्मक सोच और शिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सम्मानित होने वाले प्रतिभागियों में महाविद्यालय की छात्राओं स्नेहा कुमारी, खुशी लाल पंडित, स्वीटी कुमारी, शालू कुमारी एवं प्राची कुमारी के अलावा मनीष कुमार और सूरज कुमार शामिल हैं। वहीं, बीएड के प्रशिक्षुओं में जोयल सोरेन, इनामुल हेंब्रम, जीतू सोरेन, संजय हेंब्रम, संजय किस्कू, प्रीति मुर्मू, पूनम सोरेन, शांति सोरेन, बीना मरांडी, जेड़ मुनि मुर्मू, सरिता सोरेन, शीला मुर्मू, सिमरन सुमन एवं रहीसा प्रवीण को भी सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों की इस उल्लेखनीय सफलता पर महाविद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। साथ ही उम्मीद जताई कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी साहिबगंज महाविद्यालय के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का परचम लहराकर जिले और महाविद्यालय का नाम रोशन करेंगे।
जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव में साहिबगंज महाविद्यालय का जलवा, पांच विधाओं में हासिल किया प्रथम स्थान