साहिबगंज:
राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस (9 नवंबर) के अवसर पर साहिबगंज जिले में सप्ताहव्यापी विधिक जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई है। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली के निर्देश एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न पंचायतों एवं विद्यालयों में पारा विधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) द्वारा जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य समाज के गरीब, कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक कानूनी जानकारी पहुंचाने के साथ उन्हें न्याय एवं निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्ध सुविधाओं से अवगत कराना है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज श्री सुभाष के मार्गदर्शन में आयोजित इन कार्यक्रमों के दौरान पीएलवी ग्रामीण क्षेत्रों एवं शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर आम नागरिकों, विद्यार्थियों तथा समाज के कमजोर वर्गों को विधिक सेवा प्राधिकरण की भूमिका, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं। इस दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी या सामाजिक परिस्थितियों के कारण किसी भी व्यक्ति को न्याय पाने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जागरूकता कार्यक्रमों में लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया, पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने की सुविधा, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा न्यायालय में मिलने वाली कानूनी सहायता के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विधिक सहायता योजनाओं एवं नागरिकों के कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए सूचना सामग्री भी वितरित की गई।
इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के सचिव श्री विश्वनाथ भगत ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस प्रत्येक वर्ष 9 नवंबर को मनाया जाता है। विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 इसी दिन 9 नवंबर 1995 को प्रभावी हुआ था। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य समाज के गरीब, कमजोर, वंचित एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क और प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक अथवा सामाजिक असमानता किसी के लिए न्याय प्राप्त करने में बाधा न बने।
उन्होंने बताया कि नालसा के निर्देशानुसार इस वर्ष राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर केवल एक दिवसीय आयोजन तक सीमित रहने के बजाय सप्ताहभर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यापक विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत पंचायत स्तर पर विधिक जागरूकता शिविर, जनसंपर्क कार्यक्रम, विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के माध्यम से विशेष रूप से उन लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्हें अपने कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध विधिक सुविधाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं है।
सचिव श्री भगत ने कहा कि ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को जागरूक करना इस अभियान की प्राथमिकता है। पीएलवी के माध्यम से लोगों को बताया जा रहा है कि वे किस प्रकार जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण की गतिविधियों एवं योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल माध्यमों का भी सहारा लिया जा रहा है।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता सुविधाओं की जानकारी प्राप्त करें और जरूरत पड़ने पर इसका लाभ उठाएं। साथ ही अपने आसपास रहने वाले जरूरतमंद एवं वंचित लोगों को भी इन सुविधाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति जानकारी के अभाव में न्याय से वंचित न रहे।
*9 नवंबर को होगा मुख्य आयोजन*
उल्लेखनीय है कि सप्ताहव्यापी विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का मुख्य आयोजन 9 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर किया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से साहिबगंज जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कानूनी जागरूकता का दायरा बढ़ाने, आम लोगों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
साहिबगंज में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस को लेकर सप्ताहभर चलेगा जागरूकता अभियान, पंचायतों और स्कूलों तक पहुंचेंगे पीएलवी