-
गिरिडीह, में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड, रांची के तत्वावधान में जिला नियोजनालय-सह-मॉडल करियर सेंटर, गिरिडीह द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के द्वितीय एक दिवसीय जिला स्तरीय 'रोजगार मेला-2026' का आयोजन झंडा मैदान, गिरिडीह में किया गया। रोजगार मेले का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी, श्री रामनिवास यादव, जिला नियोजन पदाधिकारी, मनोज मंजित एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। आयोजित रोजगार मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपनी शैक्षणिक योग्यता, तकनीकी दक्षता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर प्राप्त करने के लिए विभिन्न नियोजक संस्थानों के समक्ष साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
इस रोजगार मेले में कुल 25 प्रतिष्ठित प्रतिष्ठानों एवं नियोजक संस्थानों ने भाग लिया। इनमें Verde Ecotex Recycling Pvt. Ltd., Giridih, BIRSA SECURITY AND SUPER SERVICE, Dumka, SIS Ltd., Dhanbad, Red Guard Consultant Pvt. Ltd., Freedom Employability Academy, Giridih, Kampa Bhai Vocational Training Institute, L&T Construction, People Mantra, Dusky Stallion Education and Training Services Pvt. Ltd., Vision India Pvt. Ltd., Aumovio Company, German MNC सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल रहे। नियोजन संस्थानों द्वारा अभ्यर्थियों की योग्यता एवं निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर कुल 175 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन करते हुए उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किया गया, जबकि अन्य नियोजकों द्वारा कुल 456 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का लिखित परीक्षण एवं साक्षात्कार सहित निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात अंतिम चयन किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव ने युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता पर बल देते हुए कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र के प्रतिष्ठित संस्थानों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी योग्यता एवं कौशल को निरंतर विकसित करने तथा उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
जिला नियोजन पदाधिकारी, श्री मनोज मंजित ने बताया कि जिला नियोजनालय, गिरिडीह द्वारा युवाओं को रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से समय-समय पर इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य स्थानीय युवक-युवतियों को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रोत्साहित करना है। रोजगार मेला के सफल संचालन में जिला नियोजनालय, गिरिडीह के कर्मियों एवं संबंधित सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
झंडा मैदान, गिरिडीह में आयोजित रोजगार मेले में 25 प्रतिष्ठित कंपनियों एवं नियोजन संस्थानों ने लिया भाग।