26 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गोड्डा में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला 2026 सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन

Noor Hasan
Noor Hasan editor
📅 26 Nov 2026, 08:08 PM IST
👁 48 views
WhatsApp Facebook
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गोड्डा में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला 2026 सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत गोड्डा में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला 2026 सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन

◼️ *कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत बीज, बीज उपचार, मृदा स्वास्थ्य एवं सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी।*

◼️ *वैज्ञानिक पद्धति से खेती कर कृषि उत्पादन बढ़ाने एवं किसानों की आय में वृद्धि करने पर दिया गया जोर।*



आज दिनांक 26.11.2026 को झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर तिलका मांझी कृषि महाविद्यालय, गोड्डा के सभागार में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला 2026 सह खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, गोड्डा श्री विस्पुते श्री कांत यशवंत (भा.प्र.से.), संयुक्त कृषि निदेशक, संथाल परगना परिक्षेत्र, दुमका श्री सहजानंद सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी श्री अभिजीत शर्मा, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान श्री रविशंकर, जिला उद्यान पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी एवं जिला सहकारिता पदाधिकारी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त श्री विस्पुते श्री कांत यशवंत ने कहा कि कृषि जिले की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से जोड़ना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कृषि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाकर कृषि उत्पादन में वृद्धि करें।

उन्होंने रबी मौसम में की जाने वाली खेती, उन्नत कृषि तकनीकों, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, फसल बीमा योजना, जैविक खेती एवं कृषि यंत्रीकरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

◼️ मोटे अनाज की खेती एवं पौष्टिक आहार पर विशेष जोर

कार्यक्रम में संयुक्त कृषि निदेशक, संथाल परगना परिक्षेत्र, दुमका श्री सहजानंद सिंह ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों को स्वस्थ एवं समृद्ध बनाने के साथ-साथ कृषि उत्पादन और आय में वृद्धि करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचाव के लिए पौष्टिक एवं संतुलित आहार का सेवन बेहद जरूरी है। इसमें मोटे अनाज (मिलेट्स) की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने फॉक्सटेल मिलेट (कंगनी), कोदो मिलेट, लिटिल मिलेट, बर्नयार्ड मिलेट एवं ब्राउनटॉप मिलेट जैसे पौष्टिक अनाजों की खेती को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने बताया कि इन फसलों की खेती से किसानों को दोहरा लाभ मिल सकता है। एक ओर इससे पौष्टिक आहार की उपलब्धता बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर धान एवं गेहूं की तुलना में इनकी बेहतर बाजार कीमत किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हो सकती है।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए सही एवं पौष्टिक भोजन अत्यंत आवश्यक है। इसी क्रम में उन्होंने किसानों को नारियल के पौधे लगाने के लिए भी प्रोत्साहित किया। साथ ही फसल सुरक्षा कार्यक्रम योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा फसल रक्षकों की नियुक्ति किए जाने की जानकारी भी दी।

◼️ कृषि विभाग की योजनाओं एवं नई ऑनलाइन उर्वरक वितरण व्यवस्था की जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी श्री अभिजीत शर्मा ने कृषि विभाग के माध्यम से वर्तमान में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मिट्टी जांच योजना, किसान समृद्धि योजना, बीज विनिमय एवं वितरण योजना, बिरसा फसल विस्तार योजना, मिलेट मिशन योजना तथा भूमि संरक्षण कार्यालय द्वारा संचालित ट्रैक्टर एवं पंपसेट वितरण योजना के संबंध में विस्तारपूर्वक बताया।

उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की आय में वृद्धि एवं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। किसानों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने जानकारी दी कि आगामी 15 दिसंबर से जिले में उर्वरक वितरण की नई ऑनलाइन व्यवस्था प्रारंभ की जाएगी। इस व्यवस्था के तहत किसान घर बैठे उर्वरक की बुकिंग कर सकेंगे। बुकिंग के बाद संबंधित किसान के लिए तीन दिनों तक उर्वरक आरक्षित रहेगा, जिससे किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में सुविधा होगी।

◼️ वैज्ञानिकों ने दी आधुनिक कृषि तकनीक एवं बीज उपचार की जानकारी

कार्यशाला के दौरान कृषि से संबद्ध विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी किसानों के साथ साझा की।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों द्वारा रबी मौसम में बोई जाने वाली विभिन्न फसलों के उन्नत प्रभेदों के चयन, फसलों की अवधि, बुआई की वैज्ञानिक विधि एवं उत्पादन क्षमता के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।

तकनीकी सत्र के दौरान किसानों को बीज उपचार के लाभ, कीट एवं रोगों से बचाव, कीटनाशकों के सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग, फसलों की उचित देखभाल तथा बीजों के सुरक्षित भंडारण के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी कि वे आधुनिक तकनीकों एवं वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।

◼️ किसानों एवं आजीविका सखी मंडल को किया गया लाभान्वित

कार्यक्रम के दौरान किसान समृद्धि योजना के तहत गोड्डा प्रखंड के चार कृषकों को लाभान्वित किया गया। इनमें श्रीमती गुड़िया देवी, श्रीमती मंजू देवी, श्री रितेश आनंद एवं श्रीमती तारा देवी शामिल हैं।

वहीं, भूमि संरक्षण कार्यालय, गोड्डा के माध्यम से मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के अंतर्गत मां जगदंबा आजीविका सखी मंडल की सचिव श्रीमती पूजा कुमारी को ट्रैक्टर वितरित किया गया।

इसके अतिरिक्त, मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) योजना के अंतर्गत किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया, ताकि किसान अपने खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता एवं पोषक तत्वों की स्थिति के अनुसार संतुलित उर्वरकों का उपयोग कर सकें।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, जल संरक्षण करने तथा सरकार द्वारा संचालित कृषि योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।