बरहरवा:
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा अभियान-2026 के तहत मंगलवार को बरहरवा प्रखंड की सातगाछी पंचायत के विभिन्न गांवों में सरकारी आवास योजना के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अढ़ाईटीकर, श्यामपुर और तेतुलिया गांव में नवनिर्मित पक्के मकानों में लाभुकों ने पूरे उत्साह और खुशी के साथ गृह प्रवेश किया। पक्का मकान मिलने से लाभुक परिवारों में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी आवास योजना के तहत निर्मित इन मकानों में विजया दासी, सोनू रविदास, उषा देवी एवं सईदुल रहमान ने विधिवत पूजा-अर्चना और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने नए आशियाने में प्रवेश किया। वर्षों से पक्के मकान की उम्मीद लगाए बैठे इन परिवारों के लिए यह अवसर काफी खास रहा।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सह स्थानीय विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर नवनिर्मित आवासों का उद्घाटन किया। उन्होंने सभी लाभुकों को नए घर में प्रवेश करने पर बधाई देते हुए उनके सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर बरकत खान ने कहा कि आवास योजना झारखंड सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है। इसका उद्देश्य जरूरतमंद और गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराकर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार के लिए अपना पक्का घर होना केवल सिर पर छत मिलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद का प्रतीक भी है।
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की मंशा है कि विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। आवास जैसी बुनियादी सुविधा से कोई भी जरूरतमंद परिवार वंचित न रहे, इसके लिए सरकार और जनप्रतिनिधियों को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने से उनके जीवन में खुशहाली आती है और सामाजिक एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलता है।
गृह प्रवेश समारोह के दौरान लाभुक परिवारों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पक्का मकान मिलने से परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में पंचायत सचिव अरुण कुमार साहा, मुखिया पति मताल टुडू, उप मुखिया तस्ददुक हुसैन, रोजगार सेवक देवाशीष सरकार, स्वयंसेवक विकास कुशवाहा एवं सुभाष ठाकुर सहित वार्ड सदस्य संजय साह, मनोज रविदास, गणेश रविदास और असगर शेख उपस्थित थे। इसके अलावा सभी लाभुक परिवारों के सदस्य एवं दर्जनों ग्रामीणों ने समारोह में भाग लेकर गृह प्रवेश की खुशियां साझा कीं।
झारखंड स्थापना दिवस अभियान: सातगाछी पंचायत के चार लाभुक परिवारों को मिला पक्का मकान, किया गृह प्रवेश