साहिबगंज:*
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा-2026 के तहत जिले में सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को साहिबगंज प्रखंड सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न पंचायतों से पहुंचे लाभुकों एवं ग्रामीणों के बीच अलग-अलग सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के स्वीकृति आदेश वितरित किए गए। वहीं, पखवाड़ा के दौरान बेहतर कार्य करने वाले लाभुकों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी बासुकीनाथ टुडू की उपस्थिति में लाभुकों को योजनाओं से संबंधित स्वीकृति आदेश सौंपे गए। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों के लिए गृह प्रवेश कार्यक्रम के तहत उन्हें बधाई पत्र भी प्रदान किए गए। साथ ही, लाभुकों को उनके नवनिर्मित आवास में प्रवेश करने पर शुभकामनाएं देते हुए सरकार की आवासीय योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना, ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कर्मियों एवं लाभुकों का मनोबल बढ़ाना रहा। इस पहल के माध्यम से प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को और अधिक गति देने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी बासुकीनाथ टुडू ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से पात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ जरूरतमंद परिवारों तक समय पर पहुंचेगा। इसके लिए प्रखंड एवं पंचायत स्तर के सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को समन्वय के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान सम्मानित लाभुकों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई। इससे बेहतर कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहन मिलने के साथ-साथ अन्य कर्मियों को भी अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।
मौके पर प्रखंड अध्यक्ष अमरदीप, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी शंकर कुमार, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी तपन, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राजेश कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर, विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि तथा प्रखंड एवं पंचायत स्तर के कर्मी उपस्थित थे।
*स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत साहिबगंज में लाभुकों को मिला योजनाओं का लाभ, उत्कृष्ट कर्मी हुए सम्मानित