03 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

कोटालपोखर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन, नेपाल से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सैकड़ों लोगों की आंखों की जांच की

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 30 Oct 2026, 10:22 AM IST
👁 19 views
WhatsApp Facebook
कोटालपोखर में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन, नेपाल से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सैकड़ों लोगों की आंखों की जांच की
साहिबगंज कोटालपोखर

कोटालपोखर: ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और आंखों से संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोटालपोखर उच्च विद्यालय मैदान में एक दिवसीय निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रणव सिंह के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में कोटालपोखर बाजार सहित आसपास के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपनी आंखों की जांच कराई।
शिविर में नेत्र जांच के लिए विशेष रूप से नेपाल से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम पहुंची थी। टीम में शामिल नेत्र विशेषज्ञ डॉ. राम कुमार रॉय, डॉ. बीरेंद्र रॉय एवं डॉ. डंबर मंडल ने शिविर में पहुंचे मरीजों की बारीकी से आंखों की जांच की। जांच के दौरान चिकित्सकों ने लोगों को आंखों से संबंधित समस्याओं की जानकारी दी तथा आवश्यकतानुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं भी उपलब्ध कराईं।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी देखने को मिली। विशेष रूप से वैसे लोगों ने इस सुविधा का लाभ उठाया, जिन्हें आंखों की जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों या बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। निःशुल्क जांच की व्यवस्था होने से जरूरतमंद लोगों को काफी राहत मिली।
इस जनकल्याणकारी आयोजन को सफल बनाने में कोटालपोखर पंचायत समिति सदस्य रंजीत साह, राजेश साह, बेगमगंज पंचायत के खगेन कुमार साहा सहित अन्य स्थानीय गणमान्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन में स्थानीय लोगों का भी सराहनीय सहयोग रहा।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन बेहद जरूरी है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से जांच एवं परामर्श की सुविधा मिलती है। साथ ही समय रहते आंखों की बीमारियों की पहचान और उपचार में भी मदद मिलती है।
ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की आवश्यकता जताई, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।