राजमहल:
राजमहल थाना क्षेत्र के मंगलहाट स्थित टिक्कर टोला में युवती गौरी कुमारी को गोली मारकर घायल करने के मामले का साहिबगंज पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। पुलिस की विशेष छापामारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से शनिवार, 21 नवंबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 नवंबर की शाम राजमहल थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि मंगलहाट के टिक्कर टोला में केदार मंडल की पुत्री गौरी कुमारी को गोली लगी है और वह घायल अवस्था में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना के संबंध में राजमहल थाना कांड संख्या 422/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1)/3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (राजमहल) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम को आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
*मलाही टोला से तीन आरोपी गिरफ्तार*
विशेष छापामारी दल ने 20 नवंबर को त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलहाट के मलाही टोला में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन मंडल (पिता सुरेश मंडल), मनिष मंडल (पिता निधिर मंडल) और भोलु प्रमाणिक (पिता लखी प्रमाणिक) के रूप में हुई है। तीनों मलाही टोला, मंगलहाट के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो देशी कट्टा तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। अवैध हथियारों और कारतूस की बरामदगी के बाद पुलिस ने इस संबंध में आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत राजमहल थाना में कांड संख्या 424/26 के रूप में एक अलग प्राथमिकी भी दर्ज की है।
*विशेष टीम में कई थानों के पुलिस पदाधिकारी शामिल*
इस त्वरित कार्रवाई को सफल बनाने में राजमहल प्रभाग के पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन, तालझारी थाना प्रभारी नितेश कुमार पाण्डेय, तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत, राजमहल थाना के पुलिस अवर निरीक्षक पवन कुमार एवं अनिल कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक रवि शंकर झा और नन्द कुमार यादव की अहम भूमिका रही। छापामारी अभियान में राजमहल थाना रिजर्व गार्ड के जवान भी शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई से युवती को गोली मारकर घायल करने की घटना के मामले में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, पूरे मामले में आगे का अनुसंधान जारी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि वारदात के पीछे के कारणों और अन्य संभावित तथ्यों का पता लगाया जा सके।
मंगलहाट में युवती को गोली मारने की घटना का 24 घंटे में खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार