15 Nov 2026
Current Khabar
Current Khabar
झारखंड की आवाज़

पतना में सहियाओं को वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं जांच का दिया गया प्रशिक्षण

प्रिंस मिश्रा
प्रिंस मिश्रा reporter
📅 13 Nov 2026, 10:09 PM IST
👁 19 views
WhatsApp Facebook
पतना में सहियाओं को वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम एवं जांच का दिया गया प्रशिक्षण
साहिबगंज/पतना:

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतना (रांगा) के सभागार में शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को प्रखंड के दो क्लस्टर शहरी एवं शिवा पहाड़ की सभी सहियाओं के लिए वेक्टर जनित रोगों (VBD) को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतना के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. समसुल हक ने की।
प्रशिक्षण के दौरान केटीएस असीमुल हक एवं बीटीटी कृपा सिंधु रजक ने सहियाओं को मलेरिया, कालाजार, फाइलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया एवं जापानी इंसेफेलाइटिस (JE) जैसी वेक्टर जनित बीमारियों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने इन बीमारियों के प्रमुख लक्षण, संक्रमण के कारण, बचाव के उपाय एवं उपचार की प्रक्रिया समझाई। साथ ही बताया कि जागरूकता, समय पर पहचान और उचित उपचार के माध्यम से इन बीमारियों के प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
प्रशिक्षण में सहियाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को मच्छरों से बचाव के प्रति जागरूक करने, घरों एवं आसपास जलजमाव नहीं होने देने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर मरीजों को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, लैब टेक्नीशियन (LT) अरविंद मंडल ने सभी सहियाओं को किट के माध्यम से विभिन्न बीमारियों की जांच करने की व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने जांच किट के सही उपयोग, जांच की प्रक्रिया एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया, ताकि सहियाएं अपने कार्यक्षेत्र में लोगों को समय पर जांच एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने में सहयोग कर सकें।
इस अवसर पर बीडीएम, बीएएम मधुसूदन महतो, एसटीएस संजय किस्कू, एमपीडब्ल्यू उमेश कुमार मंडल, विनोद मंडल, कुतुब अंसारी, परमानंद मंडल, बीटीटी सबीना टुड्डू एवं कृपा सिंधु रजक सहित सहिया मालोती देवी, दीपा देवी और बहा मरांडी उपस्थित थीं।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सहियाओं की क्षमता बढ़ाना तथा ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों में वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम, समय पर पहचान, जांच और उपचार के प्रति जागरूकता को मजबूत करना था।